मलारना डूंगर में BJP का बूथ सम्मेलन, डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने दिया जीत का मंत्र
पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर आयोजित सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा और जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन मजबूत करने के निर्देश दिए।
मलारना डूंगर के डेरोली बालाजी में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा और उपस्थित पार्टी पदाधिकारी।
पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने मलारना डूंगर मंडल में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर संगठन को मजबूत बनाने और चुनावी सक्रियता बढ़ाने का संदेश दिया। सम्मेलन में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि भाजपा जिला अध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला चुनाव प्रभारी अजीत सिंह मेहता, मदन प्रजापत, जिला संयोजक सुरेश जैन, जिला महामंत्री विनोद अटल, पंचायत समिति चुनाव प्रभारी एम. सादिक खान, संयोजक सुरेंद्र शर्मा, सह संयोजक सीताराम गुर्जर और मंडल अध्यक्ष श्रीचंद सैनी मंचासीन रहे।
जिला प्रवक्ता सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, आमजन से निरंतर संपर्क बनाए रखने और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने को कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता बताया। उन्होंने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता और एकजुटता के साथ काम करने का आह्वान किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने कहा कि पार्टी की सफलता का आधार मजबूत बूथ प्रबंधन और सक्रिय कार्यकर्ता हैं। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से अपने बूथ पर संगठन को मजबूत बनाने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से काम करने की अपील की।
जिला चुनाव प्रभारी अजीत सिंह मेहता ने कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव में सफलता हासिल करने के लिए बूथ स्तर पर मजबूत टीम, आपसी समन्वय और निरंतर जनसंपर्क बेहद आवश्यक हैं।
चुनाव प्रभारी मदन प्रजापत ने अपने संबोधन में भजनलाल सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को निष्ठा के साथ काम करना चाहिए और पार्टी की ओर से जिसे भी टिकट मिले, सभी को उसके साथ खड़े रहकर उसे जिताना चाहिए। उन्होंने मलारना डूंगर पंचायत समिति में भाजपा का प्रधान बनाने और जिले में भारतीय जनता पार्टी का जिला प्रमुख बनाने का लक्ष्य भी सामने रखा।
सम्मेलन में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा भाजपा की नीतियों एवं योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस दौरान भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रघुनाथ वैष्णव, दीपक मीणा, अमित शर्मा सहित बूथ अध्यक्ष और शक्ति केंद्र के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सम्मेलन के संयोजक एवं भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रवक्ता सुरेंद्र शर्मा ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत चुनाव को लेकर आयोजित इस सम्मेलन में बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती, जनसंपर्क और चुनावी समन्वय पर जोर दिया गया।