आगामी नगर पालिका बौंली नगर निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय दावेदारों में भारी उत्साह देखने को मिला। सवाई माधोपुर जिला अध्यक्ष एवं बामनवास विधायक इंदिरा मीणा के आदेशानुसार शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया के पहले ही दिन नगर पालिका के सभी 25 वार्डों से कुल 56 आवेदन पत्र प्राप्त हुए।

इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव राजेश पहाड़िया तथा पार्टी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक-सहपर्यवेक्षक टीम के सभी पदाधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने सभी आवेदकों से संवाद किया और चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा की।

संगठन महासचिव राजेश पहाड़िया ने बताया कि कार्यकर्ताओं और चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों के उत्साह को देखते हुए आवेदन प्रक्रिया रविवार को भी जारी रहेगी। इच्छुक दावेदार 23 अगस्त को भी अपना आवेदन पत्र जमा करा सकेंगे।

नगर निकाय चुनाव को लेकर बौंली में चुनावी माहौल गर्मा गया है। आवेदन प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस कार्यालय परिसर में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रभारियों ने बताया कि प्राप्त सभी आवेदनों और कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक का आकलन कर रिपोर्ट शीर्ष नेतृत्व को सौंपी जाएगी।

इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गिर्राज मीणा, नगर अध्यक्ष रामोतार मंगल सहित ब्लॉक एवं नगर स्तर के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी 25 वार्डों से आए 56 आवेदनों ने बौंली नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस संगठन के भीतर दावेदारी और सक्रियता की तस्वीर सामने रखी है।

Tags: