सलूंबर कलेक्टर ने घायल बाइक सवार को अपनी कार से अस्पताल पहुंचाया
| गागरी घाटी में हादसे के बाद बेडावल जा रहे कलेक्टर ने उपचार दिलाया, बंगले से दूसरी गाड़ी मंगवाकर आगे बढ़े और लोगों से घायलों की मदद करने की अपील की।
सलूंबर के गागरी घाटी में सड़क हादसे के बाद घायल को मदद देने की अपील के बीच जमीन पर पड़ा व्यक्ति।
सलूंबर में शनिवार को जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने प्रशासनिक प्रोटोकॉल से ऊपर मानवीय संवेदनाओं को रखते हुए ऐसा कदम उठाया, जिसकी राहगीरों के बीच जमकर सराहना हुई। गागरी घाटी में सड़क हादसे में घायल होकर सड़क पर पड़े बाइक सवार को देखकर कलेक्टर ने अपनी सरकारी गाड़ी रुकवाई और खुद उसकी मदद के लिए आगे आए।
जानकारी के अनुसार, जिला कलेक्टर शनिवार को बेडावल जा रहे थे। इसी दौरान गागरी घाटी में उनकी नजर सड़क दुर्घटना में घायल एक बाइक सवार पर पड़ी। हादसे में बाइक सवार के सिर में चोट लगी थी और वह सड़क पर पड़ा हुआ था। स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने बिना देर किए अपनी गाड़ी रुकवाई और मौके पर पहुंचकर घायल की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
कलेक्टर ने घायल को तत्काल अपनी सरकारी गाड़ी में बैठाया और जिला चिकित्सालय सलूंबर पहुंचाया। अस्पताल में उसके उपचार की व्यवस्था कराने में भी सहयोग किया। घायल को अस्पताल पहुंचाने के बाद कलेक्टर ने अपने बंगले से दूसरे वाहन की व्यवस्था करवाई और फिर बेडावल के लिए आगे रवाना हुए।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कलेक्टर का मानवीय व्यवहार देखकर मौके से गुजर रहे राहगीर भी उनकी सराहना करते नजर आए। लोगों के बीच इस बात की चर्चा रही कि अधिकारी तो बहुत देखे हैं, लेकिन जरूरतमंद की मदद के लिए खुद आगे आने वाला ऐसा मानवीय चेहरा कम ही देखने को मिलता है।
कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने इस अवसर पर आमजन से अपील की कि सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति को घायल अवस्था में देखने पर मुंह न फेरें, बल्कि उसकी मदद के लिए आगे आएं। उनका यह कदम इस बात का संदेश दे गया कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने के लिए तत्काल मदद करना किसी भी सरकारी प्रोटोकॉल से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है।