प्रसार वार्षिक सम्मान घोषित, गोपाल शर्मा को लाइफटाइम अवॉर्ड

जनसंपर्क क्षेत्र में योगदान के लिए तीन अधिकारियों का चयन, समारोह अगले माह आयोजित होगा

Update: 2026-04-21 10:53 GMT

बाएं से दाएं: श्री गोपाल शर्मा, श्रीमती वीना करमचंदानी और श्री सुरेन्द्र सामरिया को प्रसार द्वारा वार्षिक जनसंपर्क सम्मान के लिए चयनित किया गया

सलूंबर, 21 अप्रैल। पब्लिक रिलेशंस एंड एलाइड सर्विसेज एसोसिएशन (प्रसार) ने इस वर्ष के वार्षिक सम्मानों की घोषणा कर जनसंपर्क क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। प्रसार अध्यक्ष डॉ. हरिशंकर आचार्य ने बताया कि घनश्याम गोस्वामी स्मृति लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड जनसंपर्क विभाग के सेवानिवृत्त अतिरिक्त निदेशक श्री गोपाल शर्मा को प्रदान किया जाएगा, जबकि किशन कुमार व्यास ‘आजाद’ स्मृति जनसंपर्क रत्न अवार्ड विभाग की पूर्व सहायक निदेशक श्रीमती वीना करमचंदानी को अर्पित किया जाएगा।

इसी क्रम में दिनेश चंद सक्सेना स्मृति युवा जनसंपर्क कर्मी सम्मान युवा जनसंपर्क अधिकारी श्री सुरेन्द्र सामरिया (बगवाड़ा) को प्रदान किया जाएगा। डॉ. आचार्य ने बताया कि मंगलवार को राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस के अवसर पर आयोजित प्रसार कार्यकारिणी की बैठक में इन सम्मानों की सूची को अंतिम रूप दिया गया। सम्मान समारोह का आयोजन अगले माह किया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि प्रसार द्वारा वर्ष 2019 से यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित किया जा रहा है, जबकि युवा जनसंपर्क कर्मी सम्मान गत वर्ष प्रारंभ किया गया है। सम्मानित होने वाले तीनों अधिकारी जयपुर के निवासी हैं तथा श्री गोपाल शर्मा और श्रीमती वीना करमचंदानी साहित्य सृजन से भी निरंतर जुड़े हुए हैं।

प्रसार के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री कुमार अजय ने बताया कि विभाग के दिवंगत अधिकारियों की स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा सेवानिवृत्त अधिकारियों के योगदान के सम्मान में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। अब तक विभाग के पूर्व निदेशक डॉ. अमर सिंह राठौड़ सहित अनेक अधिकारियों को इन सम्मानों से नवाजा जा चुका है।

बैठक के दौरान उपाध्यक्ष (क्षेत्रीय) श्री धर्मेन्द्र मीणा, उपाध्यक्ष (मुख्यालय) श्री चंद्रशेखर पारीक, कोषाध्यक्ष श्री हरिशंकर शर्मा, महासचिव श्री अभय सिंह, सचिव श्री मोहित जैन तथा संयुक्त सचिव श्री पुष्पक मीणा ने ऑनलाइन माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए। संयुक्त सचिव श्री पुष्पक मीणा ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान कार्यक्रम न केवल वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारियों के अनुभव और योगदान को मान्यता देते हैं, बल्कि युवा कर्मियों को प्रेरित कर उन्हें उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रोत्साहित भी करते हैं।

इन सम्मानों की घोषणा ने जनसंपर्क क्षेत्र में कार्यरत अधिकारियों के योगदान को रेखांकित करते हुए पेशेवर उत्कृष्टता और प्रेरणा का एक सशक्त संदेश दिया है।

Similar News