सरदारगढ़ में सराय उद्घाटन व सत्संग महोत्सव की शोभायात्रा में भजनों पर नृत्य करतीं महिलाएं।

आमेट। सरदारगढ़ में रेगर समाज की नवनिर्मित सराय के उद्घाटन एवं सत्संग महोत्सव के तहत रविवार को धार्मिक आयोजनों की धूम रही। इस अवसर पर 301 महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर भव्य शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में संतों का अभिनंदन किया गया और पूरे क्षेत्र में भक्ति एवं धार्मिक आस्था का माहौल देखने को मिला।

समस्त रेगर समाज सरदारगढ़ के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह रेगर मोहल्ला स्थित बाबा रामदेव मंदिर से हुई। यहां से विशाल कलश यात्रा एवं शोभायात्रा रवाना हुई, जिसमें 301 महिलाओं ने मंगल कलश धारण कर सहभागिता निभाई। शोभायात्रा सदर बाजार, जाटों की हताई, पंचायत मार्ग, नया बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड एवं गंगापुर रोड होते हुए रेगर समाज की नवनिर्मित सराय पहुंची। इसके बाद शोभायात्रा पुनः मंदिर प्रांगण पहुंची, जहां मंदिर के पुजारी एवं संतों ने कलश यात्रा का स्वागत कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया।

शोभायात्रा के दौरान महिलाओं ने भजनों की धुन पर नृत्य किया। दो डीजे पर भक्ति गीतों की प्रस्तुतियों से पूरा मार्ग भक्तिमय बना रहा। शोभायात्रा के सबसे पीछे रथ पर बाबा रामदेव की प्रतिमा विराजमान थी। ग्रामीणों एवं समाजजनों ने रथ में विराजित बाबा रामदेव के दर्शन किए।

इस अवसर पर आयोजित सार्वजनिक समारोह में संत नाथूराम जी महाराज नसीराबाद, राजू राम जी महाराज थाना भीम, भागीरथ जी महाराज आसींद, खेमराज जी महाराज आसींद, पहाड़ी नाथ जी महाराज कलालों की आंती घाटी एवं मंदिर के पुजारी किशनदास जी महाराज का समाजजनों की ओर से सार्वजनिक अभिनंदन किया गया। इसके बाद महाप्रसाद का आयोजन हुआ।

रेगर समाज की नवनिर्मित सराय के लोकार्पण समारोह में आसींद, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, चारभुजा, कपासन, राजनगर, केलवा, नाथद्वारा, कांकरोली, रायपुर, झड़ोल, करेड़ा, मावली, बागोर, मातृकुंडिया, देलवाड़ा, खमनोर, देवगढ़, गंगरार, राशमी, आमेट, देवगढ, भीम, रेलमगरा, बनेडिया, सहाडा, गंगापुर, बावलास, कुंवारिया, सेंगणवास एवं जेतपुरा सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में रेगर समाज के लोगों ने भाग लिया। धार्मिक आयोजनों और संतों के अभिनंदन के साथ संपन्न हुए इस समारोह में समाज की एकता, धार्मिक आस्था एवं सामाजिक सहभागिता का उत्साहपूर्ण माहौल नजर आया।

Tags: