पीएम श्री विद्यालय आमेट का औचक निरीक्षण, उपनिदेशक ने परखी शिक्षा और व्यवस्थाएं
समग्र शिक्षा जयपुर के उपनिदेशक महेंद्र प्रताप गर्ग ने पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आमेट का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं, प्रयोगशाला, पीएम श्री गतिविधियों, अभिलेखों और विद्यालय व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
तस्वीर में राजसमंद के आमेट स्थित पीएम श्री विद्यालय के कार्यालय में अधिकारी और शिक्षक खड़े हैं.
आमेट। 27 सितंबर 2026। समग्र शिक्षा जयपुर के उपनिदेशक महेंद्र प्रताप गर्ग ने शनिवार को राजसमंद जिले के आमेट स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला राजसमंद के एसीपी पंकज कुमार सालवी भी उनके साथ मौजूद रहे। विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य प्रकाश चंद्र प्रजापत और उप प्राचार्य बाबूलाल सालवी ने अतिथियों का अभिनंदन किया और विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक महेंद्र प्रताप गर्ग ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, भौतिक संसाधनों और विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन का बारीकी से जायजा लिया। विद्यालय परिसर में पहुंचते ही उन्होंने कक्षाओं का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से संवाद कर उनके शैक्षणिक स्तर को परखा। उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम और सामान्य ज्ञान से जुड़े कई सवाल पूछे। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सही उत्तर दिए, जिस पर उपनिदेशक ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
पीएम श्री विद्यालय की गतिविधियों के तहत उन्होंने कम्युनिटी कनेक्ट, बाल वाटिका, बालिका सशक्तिकरण और विज्ञान मेले के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इन गतिविधियों के संचालन और व्यवस्थाओं पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। इसके साथ ही विद्यालय के विभिन्न अभिलेखों और रिकॉर्ड का भी गहनता से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक ने भौतिक विज्ञान प्रयोगशाला का विशेष रूप से अवलोकन किया। प्रयोगशाला में शिक्षण को सुगम बनाने के लिए किए जा रहे आधुनिक और नवोन्मेषी प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने प्राध्यापक नीलम शर्मा का धन्यवाद किया। उन्होंने विद्यालय के सौंदर्यीकरण, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से बनाए जा रहे अनुशासन, उत्कृष्ट पेयजल व्यवस्था, बाल वाटिका और अमृत वाटिका निर्माण गार्डन के व्यवस्थितीकरण पर भी प्रसन्नता व्यक्त की।
महेंद्र प्रताप गर्ग ने प्रधानाचार्य और स्टाफ को निर्देश दिए कि सरकार की मंशानुसार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और तकनीकी आधारित शिक्षा प्रदान की जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के समान अवसर मिल सकें।
शिक्षक मुकेश वैष्णव ने बताया कि निरीक्षण के अंत में उपनिदेशक ने प्रधानाचार्य और समस्त स्टाफ की आवश्यक बैठक ली। बैठक में उन्होंने पीएम श्री की सभी गतिविधियों को और बेहतर ढंग से संचालित करने तथा विद्यालय के सभी रिकॉर्ड का सुचारू रूप से संधारण करने के लिए स्टाफ का मार्गदर्शन किया।
विद्यालय की व्यवस्थाओं का अवलोकन करने के बाद उपनिदेशक महेंद्र प्रताप गर्ग और एसीपी पंकज कुमार सालवी ने प्रधानाचार्य प्रकाश चंद्र प्रजापत तथा विद्यालय स्टाफ का अभिनंदन किया। इस अवसर पर उप प्राचार्य बाबूलाल सालवी, प्राध्यापक राखी आर्य, रेखा जीनगर, नीलम शर्मा, चंचल बिश्नोई, मुकेश चन्द्र वैष्णव, नलिना चोरड़िय, मीरा सैनी, पूजा शर्मा, रौनक मेवाड़ा, कुलदीप सिंह सोलंकी, बालकृष्ण आमेटा, जितेंद्र और हेमंत कुमार रमन सहित विद्यालय का समस्त शैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहा।