राजस्थान में निजी विद्यालय संचालकों का आंदोलन तेज, जयपुर में दूसरे दिन भी धरना जारी
| राजस्थान निजी विद्यालय संघर्ष समिति का जयपुर के शहीद स्मारक पर अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी है। आरटीई की बकाया राशि, वर्ष 2025-26 की दूसरी किस्त और अन्य लंबित मांगों को लेकर प्रदेशभर के संचालक सरकार से समाधान की मांग कर रहे हैं।
जयपुर के शहीद स्मारक पर बैनर के सामने खड़े होकर प्रदर्शन करते निजी विद्यालय संचालक।
राजस्थान के निजी विद्यालयों की लंबित समस्याओं और अधिकारों को लेकर जयपुर के शहीद स्मारक पर निजी विद्यालय संघर्ष समिति राजस्थान का अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदेश संयोजक लाल सिंह झाला (राजसमन्द) के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन में प्रदेशभर के निजी विद्यालय संचालक, संस्था प्रधान, संगठन पदाधिकारी और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि लगातार जयपुर पहुंच रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से पिछले 10 महीनों से लंबित समस्याओं का शीघ्र और स्थायी समाधान करने की मांग की है।
धरना स्थल पर राजस्थान के विभिन्न जिलों से विद्यालय संचालकों की लगातार बढ़ती भागीदारी से निजी विद्यालयों की समस्याओं को लेकर प्रदेशव्यापी एकजुटता दिखाई दे रही है। संचालकों का कहना है कि उनकी मांगें किसी एक जिले या संगठन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रदेश के निजी विद्यालयों से जुड़े साझा मुद्दे हैं, जिनके समाधान के लिए सभी एक मंच पर आकर आवाज उठा रहे हैं।
समिति के अनुसार, निजी विद्यालय संचालक पिछले लगभग 10 महीनों से अपनी समस्याओं को लेकर सरकार के समक्ष लगातार प्रयास कर रहे हैं। इस दौरान कई बार ज्ञापन दिए गए, पत्राचार किया गया और जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात की गई। विभिन्न स्तरों पर प्रयासों के बावजूद समस्याओं का स्थायी और संतोषजनक समाधान नहीं हो पाया। इसके चलते प्रदेशभर के निजी विद्यालय संचालकों को राजधानी जयपुर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करना पड़ा है।
समिति की प्रमुख मांगों में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत अध्ययनरत विद्यार्थियों की फीस पुनर्भरण राशि का लंबित भुगतान, वर्ष 2025-26 की द्वितीय किस्त जारी करना, प्री-प्राइमरी कक्षाओं की बकाया पुनर्भरण राशि का भुगतान और जिन जिलों में भुगतान कम हुआ है, वहां शेष राशि जारी करवाना शामिल है।
समिति का कहना है कि निजी विद्यालय सरकार की शिक्षा संबंधी योजनाओं को धरातल पर लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आरटीई के तहत आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके बावजूद पुनर्भरण राशि का समय पर भुगतान नहीं होने से विद्यालयों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विद्यालय संचालकों के मुताबिक, शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन, भवन किराये, बिजली-पानी, शैक्षणिक सामग्री, परिवहन सहित अन्य व्यवस्थाओं पर नियमित खर्च करना पड़ता है। ऐसे में सरकारी भुगतान में लगातार देरी होने से विद्यालयों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
आरटीई पुनर्भरण की दरों में महंगाई के अनुरूप वृद्धि करना भी समिति की प्रमुख मांगों में शामिल है। इसके अलावा विभिन्न ऑनलाइन पोर्टल शुल्कों में राहत देने, कक्षा 5 एवं बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित अनावश्यक शुल्क समाप्त करने तथा निजी विद्यालयों की मान्यता और अन्य प्रशासनिक समस्याओं का व्यावहारिक समाधान करने की मांग उठाई गई है।
धरने में शामिल जयपुर संभाग संयोजक डॉ. मुकेश शर्मा ने कहा कि निजी विद्यालय शिक्षा व्यवस्था का अभिन्न अंग हैं और सरकार को उनकी समस्याओं को गंभीरता से समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि आरटीई की बकाया राशि का समय पर भुगतान नहीं होने से विद्यालयों का संचालन प्रभावित हो रहा है। अब आवश्यकता है कि सरकार आश्वासनों से आगे बढ़कर ठोस निर्णय करे और विद्यालय संचालकों को राहत प्रदान करे।
शहीद स्मारक पर दूसरे दिन भी जारी धरने के साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों से पदाधिकारियों और विद्यालय संचालकों के जयपुर पहुंचने का सिलसिला बना हुआ है। समिति लंबित भुगतान, पुनर्भरण दरों में संशोधन और प्रशासनिक समस्याओं के समाधान को लेकर सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग पर कायम है।