आमेट के आंचलिक विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
आमेट के आंचलिक उच्च प्राथमिक विद्यालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। विद्यार्थियों की देशभक्ति व राजस्थानी प्रस्तुतियों ने अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
तस्वीर में आमेट के आंचलिक उच्च प्राथमिक विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मंच पर बैठे अतिथि और सामने खड़े लोग नजर आ रहे हैं।
आमेट के मारू दरवाजा क्षेत्र में संचालित आंचलिक उच्च प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और विद्यार्थियों की देशभक्ति एवं राजस्थानी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने अभिभावकों व अतिथियों को भावविभोर कर दिया। समारोह में पत्रकार, समाजसेवी और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह की अध्यक्षता संस्था प्रधान एवं वरिष्ठ पत्रकार मुबारिक अजनबी ने की, जबकि मुख्य अतिथि समाजसेवी घनश्याम सिगलीघर रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी पत्रकार ऊंकार लाल माली, छात्र संसद अध्यक्ष कौशिक दर्जी, सुमेर सिंह, देवेन्द्र मेवाड़ा, पप्पी सिंह और भेरूलाल रेगर मौजूद रहे। आगंतुक अतिथियों का स्वागत विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती कृष्णा सुथार और अध्यापक सागर माली ने उपरना ओढ़ाकर एवं तिलक लगाकर किया।
संस्था प्रधान मुबारिक अजनबी द्वारा ध्वजारोहण के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने सामूहिक राष्ट्रगान प्रस्तुत किया, जिससे वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। मंचासीन अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन किया गया। इसके बाद सरस्वती वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू हुई।
कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने ‘सारे जहां से अच्छा’, ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’, ‘कहते हैं हमको प्यार से इंडिया वाले’, ‘बम बम बोले मस्ती में डोले’, ‘लाया डाक बाबू लाया संदेशवा’, ‘आओ जी पधारो म्हारे देश’, ‘प्यारो राजस्थान’, ‘मोर बोले’, ‘मेड इन इंडिया’, ‘केसरिया भारत’ और ‘लहरियों तलवारों पर सर वार दिया’ जैसे देशभक्ति एवं राजस्थानी लोक संस्कृति से जुड़े गीतों पर सामूहिक और एकल नृत्य प्रस्तुत किए।
गीत, संगीत, कविता और नृत्य की प्रस्तुतियों ने समारोह को जीवंत बना दिया। उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन अध्यापिका श्रीमती मुराद बानु ने किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में देश की आजादी के संघर्ष और स्वतंत्रता की गरिमा पर प्रकाश डालते हुए आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया। साथ ही देशभक्ति से जुड़े छोटे-छोटे मुक्तकों के माध्यम से कार्यक्रम को प्रभावशाली ढंग से आगे बढ़ाया।
समारोह के समापन अवसर पर संस्था प्रधान मुबारिक अजनबी ने अतिथियों, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका श्रीमती कृष्णा सुथार, सागर बागवान, श्रीमती लक्ष्मी लोहार, श्रीमती मुराद बानु, बसंती मेवाड़ा, श्रीमती उमीशा दयामा, प्रेरणा कंवर और कांता खटीक सहित बड़ी संख्या में अभिभावकगण एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आंचलिक उच्च प्राथमिक विद्यालय में आयोजित यह स्वतंत्रता दिवस समारोह विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्रीय एकता के संदेश को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाने वाला आयोजन बना।