प्रयागराज नगरपालिका अध्यक्ष रहते पंडित नेहरू ने 'सिफारिश संस्कृति' पर जताई थी नाराजगी
1923 से 1925 तक इलाहाबाद नगरपालिका अध्यक्ष रहे नेहरू ने सरकारी नौकरियों में सिफारिशों के बढ़ते चलन पर रोक लगाने और प्रशासनिक जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए थे।
अप्रैल 1923 से जनवरी 1925 तक इलाहाबाद नगरपालिका अध्यक्ष रहे पंडित जवाहरलाल नेहरू की फाइल तस्वीर।
प्रयागराज। पंडित जवाहरलाल नेहरू और इलाहाबाद (अब प्रयागराज) का रिश्ता केवल उनके जन्म तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसी शहर में उन्होंने राजनीति की शुरुआती बारीकियां सीखीं और प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन भी किया। फूलपुर सीट से चुनाव जीतकर देश की सबसे बड़ी पंचायत में पहुंचने और प्रधानमंत्री पद पर आसीन होने से पहले नेहरू अप्रैल 1923 से जनवरी 1925 तक इलाहाबाद नगरपालिका बोर्ड के अध्यक्ष रहे थे। इस दौरान उन्होंने शहर की सफाई, नगर नियोजन और चुनाव संबंधी सुधारों की दिशा में प्रयास किए।
उस समय पंडित नेहरू संयुक्त प्रांत की कांग्रेस समिति के अध्यक्ष भी थे। नगरपालिका बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में काम करते हुए उन्हें नौकरी और अन्य सुविधाओं के लिए सिफारिशों का सामना करना पड़ता था। सरकारी कामकाज में सिफारिशों के बढ़ते चलन से वह खासे असंतुष्ट थे। उन्होंने इस व्यवस्था पर अपनी नाराजगी भी स्पष्ट शब्दों में जाहिर की थी।
'सेलेक्टेड वर्क्स ऑफ जवाहरलाल नेहरू' पुस्तक में नेहरू ने लिखा, ‘मैं इस सिफारिशी संस्कृति से आजिज आ चुका हूं और मुझे लगता है कि नौकरी या ऐसे दूसरे कामों के लिए सिफारिश करने पर सख्ती से रोक लगाई जानी चाहिए और ऐसे उम्मीदवारों को हतोत्साहित किया जाना चाहिए।’
नेहरू ने नगरपालिका बोर्ड के सभी विभागों के प्रमुखों को भी स्पष्ट निर्देश दिए थे। उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने विभागों की पूरी जिम्मेदारी लेने और सौंपे गए दायित्वों का समुचित ढंग से निर्वहन करने की सख्त हिदायत दी थी। उनके इन विचारों और निर्देशों से नगरपालिका प्रशासन में जवाबदेही तथा सिफारिशों से मुक्त व्यवस्था स्थापित करने को लेकर उनकी स्पष्ट सोच सामने आती है।