चंडीगढ़ स्थित बीजेपी मुख्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करते सुखबीर सिंह बादल, नितिन नवीन और अमित शाह दिख रहे हैं।

चंडीगढ़ में मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पंजाब की राजनीति में बड़ा ऐलान किया। दोनों नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच फिर से गठबंधन की घोषणा की। इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे। बीजेपी मुख्यालय में दोपहर एक बजे आयोजित इस संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने स्पष्ट किया कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव दोनों दल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के तहत मिलकर लड़ेंगे।

अमित शाह ने गठबंधन की घोषणा करते हुए कहा कि अकाली दल और बीजेपी ने फैसला किया है कि अगला पंजाब विधानसभा चुनाव दोनों पार्टियां एनडीए के रूप में लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि एनडीए के लिए यह खुशी का विषय है कि उसका सबसे पुराना सहयोगी एक बार फिर गठबंधन में लौट आया है। अमित शाह ने सुखबीर सिंह बादल का स्वागत करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री से भी इस संबंध में बातचीत हुई थी। उन्होंने कहा, "कल पीएम से NDA पर बात हुई तो उन्होंने हर्ष के साथ सुखबीर सिंह और अध्यक्ष जी को फोन किया और कहा कि अब अकाली दल के आने के साथ एनडीए पूरा हुआ है।"

गठबंधन के साथ ही अमित शाह ने पंजाब के लिए एनडीए की प्राथमिकताएं भी स्पष्ट कीं। घोषणा पत्र जारी करने से पहले उन्होंने नशे का उन्मूलन, भ्रष्टाचार का खात्मा और राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करने को प्रमुख लक्ष्य बताया। उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशे से मुक्त कर दिया जाएगा। अमित शाह ने बताया कि पंजाब के विकास का रोडमैप तैयार करने के लिए बीजेपी के अध्यक्ष और सुखबीर सिंह बादल के बीच तीन महीने तक लंबी चर्चा हुई है। उन्होंने पंजाब की पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) की सरकारों ने राज्य के लिए कुछ नहीं किया।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी गठबंधन का स्वागत करते हुए कहा कि शिरोमणि अकाली दल के एनडीए में शामिल होने से गठबंधन मजबूत होगा। उन्होंने इसे स्वाभाविक गठबंधन बताते हुए कहा कि बीजेपी और अकाली दल मिलकर पंजाब में विकासोन्मुख सरकार बनाएंगे। हालांकि, पंजाब विधानसभा चुनाव में दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होंने कहा कि इस पर बाद में चर्चा की जाएगी।

वहीं, शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने इस गठबंधन को राजनीतिक के बजाय भावनात्मक गठबंधन बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब, देश और सिख कौम के हित में दोनों दल एक साथ आए हैं। सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल देश के इतिहास की दूसरी सबसे पुरानी पार्टी है। वर्ष 1996 में दोनों दलों के बीच परिवार जैसे संबंध बने थे और अब एक बार फिर पंजाब को बचाने के लिए साथ आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में पंजाब में ड्रग माफिया और गैंगस्टरों का दबदबा है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर पंजाब को बर्बाद करने का आरोप लगाया।

बीजेपी और अकाली दल के बीच यह गठबंधन सितंबर 2020 में टूटे रिश्तों की दोबारा बहाली है। दोनों दल लंबे समय तक सहयोगी रहे थे, लेकिन तीन विवादित कृषि कानूनों को लेकर मतभेद सामने आने के बाद शिरोमणि अकाली दल ने सितंबर 2020 में बीजेपी से गठबंधन तोड़ दिया था। इसके बाद किसानों के व्यापक विरोध-प्रदर्शन के बीच मोदी सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए थे। हाल के दिनों में दोनों दलों के नेताओं की ओर से फिर साथ आने के संकेत मिल रहे थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हाल ही में कहा था कि पंजाब में नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) सत्ता में आएगा।

बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन पहले भी लंबे समय तक चुनावी राजनीति का हिस्सा रहा है। दोनों पार्टियों ने मिलकर छह लोकसभा चुनाव 1998, 1999, 2004, 2009, 2014 और 2019 में लड़े थे। इसके अलावा दोनों ने पांच पंजाब विधानसभा चुनाव 1997, 2002, 2007, 2012 और 2017 में गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा था।

वर्ष 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में दोनों दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। उस चुनाव में अकाली दल का प्रदर्शन अब तक का सबसे खराब रहा और पार्टी केवल तीन सीटें जीत सकी। बीजेपी को भी महज दो सीटों पर जीत मिली थी। इसके मुकाबले 2017 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन के तहत अकाली दल ने 15 सीटें और बीजेपी ने तीन सीटें हासिल की थीं।

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भी दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर काफी चर्चा हुई थी, लेकिन उस समय सहमति नहीं बन सकी। अलग-अलग चुनाव लड़ने के बाद पंजाब में अकाली दल को केवल एक लोकसभा सीट मिली, जबकि बीजेपी राज्य में अपना खाता भी नहीं खोल पाई। अब आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के फिर एक साथ आने से राज्य की राजनीतिक तस्वीर में नया समीकरण बन गया है।