तस्वीर में भीखा नाडा का किनारा, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी व ग्रामीण और जमीन पर लेटे हुए बच्चों के शव दिखाई दे रहे हैं।

रास थाना क्षेत्र के रूपनगर गांव स्थित भीखा नाडा में बुधवार को दर्दनाक हादसे में सगे भाई-बहन की पानी में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे बकरियां चराने के लिए भीखा नाडा गए थे। हादसे की सूचना मिलते ही रास थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

जानकारी के अनुसार, रूपनगर निवासी प्रकाश की 9 वर्षीय पुत्री रीना और 7 वर्षीय पुत्र राहुल बकरियां चराने के लिए भीखा नाडा गए थे। इसी दौरान दोनों बच्चे पानी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों के शवों को पानी से बाहर निकाला।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर रास अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। घटना की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।

Tags: