जनपद ऊधमसिंहनगर की नगर पालिका परिषद्, किच्छा एवं नगर पालिका परिषद्, सिरौलीकलां के अध्यक्षों तथा सदस्यों के निर्वाचन को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने अधिसूचना जारी कर दी है। राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री सुशील कुमार ने बताया कि दोनों नगर पालिका परिषदों के अध्यक्षों एवं सदस्यों के निर्वाचन के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नागर स्थानीय निकाय निर्वाचन हेतु निर्धारित एवं निर्देशित प्रक्रिया ही अपनाई जाएगी।

निर्धारित निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 10 सितम्बर से 11 सितम्बर, 2026 तक पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 05 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए जाएंगे। इसके बाद 12 सितम्बर को पूर्वाह्न 10 बजे से कार्य की समाप्ति तक नाम निर्देशन पत्रों की जांच की जाएगी। 13 सितम्बर को पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 03 बजे तक नाम निर्देशन पत्र वापस लिए जा सकेंगे।

निर्वाचन कार्यक्रम के अगले चरण में 14 सितम्बर को पूर्वाह्न 10 बजे से कार्य की समाप्ति तक निर्वाचन प्रतीक आवंटन की कार्यवाही होगी। मतदान 22 सितम्बर को पूर्वाह्न 08 बजे से अपराह्न 05 बजे तक कराया जाएगा, जबकि 24 सितम्बर, 2026 को पूर्वाह्न 08 बजे से कार्य की समाप्ति तक मतगणना की जाएगी।

राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री सुशील कुमार ने बताया कि नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने, उनकी जांच एवं वापसी, निर्वाचन प्रतीक आवंटन तथा मतगणना की कार्यवाही संबंधित निर्वाचन अधिकारियों (रिटर्निंग आफिसर्स)/सहायक निर्वाचन अधिकारियों (असिस्टेंट रिटर्निग आफिसर्स) द्वारा जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से निर्धारित स्थान पर की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सारिणी के दौरान पड़ने वाले सभी सार्वजनिक अवकाश दिवसों पर भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे। इस अधिसूचना के साथ नगर पालिका परिषद्, किच्छा एवं नगर पालिका परिषद्, सिरौलीकलां के अध्यक्षों और सदस्यों के निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया और समय-सारिणी निर्धारित हो गई है।

Tags: