शिक्षक दिवस: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दी बधाई, कहा- शिक्षक राष्ट्र निर्माता
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन कर कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों का चरित्र निर्माण कर राष्ट्र को नई दिशा देते हैं।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए पूर्व राष्ट्रपति, शिक्षाविद् एवं दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक सही मायने में राष्ट्र निर्माता हैं और विद्यार्थियों को शिक्षित करने के साथ उनका चरित्र निर्माण कर उन्हें योग्य नागरिक बनाने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षित कर समाज को नई दिशा देने और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की समृद्ध गुरु-शिष्य परंपरा में शिक्षकों का सदैव सर्वोच्च स्थान रहा है। शिक्षकों का ज्ञान, समर्पण और मार्गदर्शन विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने तथा अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वही देश और समाज आगे बढ़ता है, जहां गुरुजनों का सम्मान होता है। गुरुजनों के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान की भारतीय परम्परा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए हमें प्रयासरत रहना होगा। उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी शिक्षकों एवं गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को देश का भविष्य बताते हुए आह्वान किया कि वे गुरुजनों के प्रति श्रद्धा और सम्मान की भावना का अनुसरण करें तथा देश व प्रदेश के विकास में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का समर्पण और योगदान भावी पीढ़ी के उज्जवल भविष्य की राह प्रशस्त करता है।