चमोली में टीएचडीसी टनल का निरीक्षण करते हुए आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक और अधिकारी।

चमोली, 15 अगस्त 2026 (सू.वि.)। टीएचडीसी टनल हादसे से प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों की समस्याओं को लेकर आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने शनिवार को श्रमिक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में राज्य सरकार प्रभावित श्रमिकों एवं उनके परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। राहत एवं बचाव अभियान के साथ प्रभावित श्रमिकों और उनके परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

इसी क्रम में मंत्री मदन कौशिक ने हाट-सियासैण, मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में कार्यरत हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी ई लिमिटेड, विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना, पीपलकोटी के श्रमिकों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल की समस्याएं और मांगें सुनीं।



 प्रतिनिधिमंडल ने टनल हादसे के बाद श्रमिकों एवं उनके परिवारों के सामने उत्पन्न परिस्थितियों से मंत्री को अवगत कराया। प्रभावित परिवारों के लिए उचित आर्थिक सहायता और दीर्घकालिक राहत की मांग रखी गई। श्रमिक प्रतिनिधिमंडल ने आर्थिक सहायता के साथ आजीविका की दीर्घकालिक व्यवस्था, घायल श्रमिकों को आर्थिक सहायता और निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग भी रखी।

मंत्री मदन कौशिक ने श्रमिक प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा एवं उनके हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं। हादसे में प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से श्रमिकों द्वारा रखी गई मांगों और वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। मंत्री ने कहा कि राहत एवं बचाव अभियान के साथ-साथ प्रभावित श्रमिकों और उनके परिजनों की आवश्यकताओं का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

मंत्री मदन कौशिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार, प्रभावित परिवारों से समन्वय तथा उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी न रहे। इस दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, महामंत्री भाजपा विनोद कनवासी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, टीएचडीसी के अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधिमंडल के सदस्य मौजूद रहे।

Tags: