लाडनूं पंचायत समिति के प्रधान पद के चुनाव में भाजपा को भीतरघात के चलते हार का सामना करना पड़ा। बहुमत होने के बावजूद भाजपा अपना प्रधान नहीं बना सकी और कांग्रेस की बसु मंडा ने 2 मतों से जीत दर्ज कर प्रधान पद हासिल कर लिया। चुनाव परिणाम में तीन सदस्यों की क्रॉस वोटिंग ने राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल दिए।

लाडनूं (kalamkala.in)। पंचायत समिति लाडनूं के प्रधान पद के लिए शुक्रवार को हुए निर्वाचन में राजनीतिक जोड़तोड़ और खरीद-फरोख्त के अंदेशों को लेकर दिनभर चर्चाएं होती रहीं। कम सदस्य होने के बावजूद कांग्रेस अपना प्रधान बनाने में सफल रही। कांग्रेस की बसु मंडा पत्नी महेन्द्र मंडा निवासी निम्बी जोधां को 12 मत मिले, जबकि भाजपा की राजश्री शेखावत पत्नी करणी सिंह राठौड़ को 10 मत प्राप्त हुए। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी की रचना पत्नी नरेन्द्र निवासी मालगांव को 5 मत मिले। इस प्रकार इंडियन नेशनल कांग्रेस की बसु मंडा 2 मतों से विजयी घोषित की गईं।

चुनाव में कुल 27 निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों ने मतदान किया। किसी भी सदस्य का मत खारिज नहीं हुआ और न ही किसी ने नोटा का इस्तेमाल किया। निर्दलीय प्रत्याशी ओमप्रकाश बागड़ा को भी एक भी मत नहीं मिला।

भाजपा के बहुमत में होने के बावजूद हारने के बाद पार्टी के भीतर क्रॉस वोटिंग और भीतरघात को लेकर सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्र में चर्चा है कि भाजपा के सिम्बल पर 13 सदस्य निर्वाचित हुए थे, लेकिन मतदान में पार्टी की उम्मीदवार को केवल 10 मत ही मिले। ऐसे में तीन सदस्यों के पार्टी के खिलाफ मतदान करने की बात सामने आ रही है।

चर्चाओं के अनुसार, कसूम्बी के ओमप्रकाश बागड़ा ने भाजपा से बागी होकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन भरा था। उन्होंने अपना मत स्वयं को देने के बजाय कांग्रेस के पक्ष में डाला। वहीं, जसवंतगढ के सम्पत बोचीवाल और उदरासर के मुलाराम ने भी भाजपा के बजाय कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया। ये दोनों भी भाजपा के सिम्बल पर पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुए थे।

बताया जा रहा है कि मतदान से पहले इन तीनों को कांग्रेस विधायक मुकेश भाकर के साथ देखा गया था। इस मुलाकात के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए। सोशल मीडिया पर इन सदस्यों के नाम, फोटो और वीडियो का इस्तेमाल कर क्रॉस वोटिंग को लेकर चर्चाएं की जा रही हैं।

दूसरी ओर, निर्दलीय पंचायत समिति सदस्य बनीं सुमित्रा ने भी कांग्रेस का साथ दिया। इस तरह 8 सदस्यों वाली कांग्रेस अपने पक्ष में कुल 12 मत जुटाने में कामयाब रही। वहीं, 13 सदस्यों वाली भाजपा तीन सदस्यों के साथ छोड़ने के बाद केवल 10 मतों पर सिमट गई।

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने भाजपा या कांग्रेस, किसी को भी समर्थन देने के बजाय अपना प्रत्याशी मैदान में उतारा। पार्टी की रचना को 5 मत मिले और उसके पांचों सदस्यों का समर्थन अलग रहा।

चुनाव परिणाम के बाद लाडनूं पंचायत समिति में राजनीतिक भीतरघात, क्रॉस वोटिंग और संभावित खरीद-फरोख्त को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। शुक्रवार को शुरू हुई इन चर्चाओं के आगे भी जारी रहने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही, चुनाव के दौरान बने राजनीतिक समीकरणों और सदस्यों की भूमिका को लेकर नई जानकारियां सामने आने की चर्चा भी बनी हुई है।

Tags: