लाडनूं में मोबाइल हैक कर बैंक खाते से निकाले 1.21 लाख रुपये, महिला ने दर्ज कराई साइबर ठगी की रिपोर्ट
राजस्थान के लाडनूं में सुनारी गांव की मुन्नी देवी का मोबाइल हैक होने के दौरान बैंक खाते से 1,21,511 रुपये कट गए। 20 और 21 अक्टूबर को हुई निकासी के बाद महिला ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
लाडनूं में मोबाइल हैक होने के दौरान एक महिला के बैंक खाते से 1 लाख 21 हजार 511 रुपये कटने का मामला सामने आया है। निकटवर्ती सुनारी गांव की रहने वाली महिला ने अज्ञात मुलजिमों के खिलाफ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला के खाते से 20 और 21 अक्टूबर को दो अलग-अलग लेनदेन के जरिए राशि निकाली गई। मोबाइल दोबारा खुलने पर उसे खाते से पैसे कटने की जानकारी मिली।
साइबर धोखाधड़ी की पीड़िता मुन्नी देवी (41 वर्ष) पत्नी कैलाश मेघवाल निवासी ग्राम सुनारी (लाडनूं) ने लाडनूं पुलिस थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि वह हाल ही में साइबर अपराध और वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हुई है। उसके बैंक खाते से 20 अक्टूबर को 98 हजार 765 रुपये तथा 21 अक्टूबर को 22 हजार 746 रुपये कट गए। इस तरह खाते से कुल 1 लाख 21 हजार 511 रुपये की धनराशि निकल गई।
मुन्नी देवी के अनुसार, जब उसका मोबाइल हैक हुआ था, उसी दौरान बैंक खाते से रुपये कट गए। मोबाइल वापस खुलने पर उसे इस लेनदेन की जानकारी मिली। उसके मोबाइल पर कोई लिंक आया था या नहीं, इसकी जानकारी उसे नहीं है। इसके बाद पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर ठगी की शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले में स्थानीय पुलिस ने 25 अक्टूबर को साइबर पुलिस थाना डीडवाना में दर्ज जीरो नंबर एफआईआर को सीसीटीएनएस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्राप्त कर मामला दर्ज किया। इसके बाद मुन्नी देवी (41 वर्ष) पत्नी कैलाश मेघवाल निवासी ग्राम सुनारी (लाडनूं) को पुलिस थाने बुलाया गया। वहां उपस्थित होकर पीड़िता ने उसी जीरो नंबर एफआईआर के संबंध में हस्तलिखित रिपोर्ट भी पेश की।
पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 (4) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक गजेन्द्र सिंह कर रहे हैं।
पीड़िता का कहना है कि किसी व्यक्ति ने ऑनलाइन डर या चोट पहुंचाने की धमकी देकर उसके साथ धोखाधड़ी की है। उसने 1 लाख 21 हजार 511 रुपये की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत पर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस अब दर्ज मामले की जांच कर रही है।