नालासोपारा: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
पालघर के तूलिंज में आटा चक्की संचालक उमेश यादव की हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी आकाश गुप्ता को उत्तर प्रदेश से पकड़ा।
नालासोपारा के तूलिंज में हुए उमेश यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी आकाश गुप्ता (बीच में बैठा हुआ) को वसई क्राइम ब्रांच यूनिट 2 की टीम ने उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से गिरफ्तार किया।
नालासोपारा पूर्व के तूलिंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र में घटित सनसनीखेज आटा चक्की हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है। अवैध संबंधों को सलामत रखने की खातिर एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी। मामले की गुत्थी सुलझाते हुए क्राइम ब्रांच यूनिट 2 की टीम ने मुख्य आरोपी प्रेमी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है।
घटना 18 अप्रैल 2026 की रात लगभग 10 बजे सामने आई, जब एक ग्राहक ‘पांडे फ्लोर मिल’ पर आटा लेने पहुंचा। दुकान का शटर आधा खुला देखकर ग्राहक अंदर गया तो वहां का दृश्य भयावह था। चक्की संचालक उमेश यादव जमीन पर लहूलुहान हालत में मृत पड़े थे। सूचना मिलते ही तूलिंज पुलिस स्टेशन के पीआई विजय जाधव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अज्ञात हत्यारे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच यूनिट 2 के पीआई अविराज कुराडे के मार्गदर्शन में जांच तेज की गई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक संदिग्ध की पहचान नवी मुंबई के तुर्भे निवासी आकाश कुमार अशोक कुमार गुप्ता के रूप में हुई। पुलिस टीम जब उसे पकड़ने तुर्भे पहुंची, तो वह चार दिनों से लापता मिला। तकनीकी जांच में स्पष्ट हुआ कि हत्या की वारदात 17 अप्रैल 2026 की रात को ही अंजाम दी गई थी और आरोपी अपने गांव उत्तर प्रदेश भाग चुका था।
गुप्त सूचनाओं और विशेष मुखबिरों की मदद से पुलिस ने आरोपी आकाश गुप्ता को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के जेठवारा पुलिस थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। वसई क्राइम ब्रांच यूनिट लाकर की गई कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया और जो खुलासा किया वह चौंकाने वाला था। आरोपी ने बताया कि हत्या की पूरी साजिश मृतक उमेश यादव की पत्नी ने रची थी। वह पिछले कुछ महीनों से अपने पति से अलग रहकर प्रेमी आकाश के साथ रह रही थी और तलाक लेकर उसके साथ बसना चाहती थी। उमेश यादव द्वारा तलाक देने से इनकार करने पर पत्नी ने उसे रास्ते का कांटा मानते हुए प्रेमी के हाथों उसकी हत्या करवा दी।
हालांकि, साथ रहने का यह खूनी सपना अधूरा रह गया। सीसीटीवी फुटेज और सटीक पुलिस जांच ने आरोपियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस ने हत्यारे प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार पत्नी की तलाश सरगर्मी से जारी है। यह मामला अवैध संबंधों से उपजे अपराध की गंभीरता और उसके भयावह परिणामों को उजागर करता है।