अन्ना पैलेस ऑर्केस्ट्रा बार पर छापा, 13 महिलाएं और बच्चा बरामद
काशीमीरा क्राइम ब्रांच ने भाईंदर के बार में गुप्त तहखाने से महिलाओं को छुड़ाया, मालिक और मैनेजर पर मामला दर्ज।
भाईंदर: मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के तहत काशीमीरा क्राइम ब्रांच यूनिट ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भाईंदर ईस्ट के फाटक रोड स्थित ‘अन्ना पैलेस ऑर्केस्ट्रा बार’ पर छापेमारी कर सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस टीम ने बार के भीतर बनाए गए एक अत्यंत संकरे और दमघोंटू तहखाने से 13 बार बालाओं को सही सलामत छुड़ाया, जबकि उनके साथ एक छोटा बच्चा भी बेहद खतरनाक स्थिति में छिपाकर रखा गया था।
क्राइम ब्रांच काशीमीरा यूनिट के पीआई सुशील कुमार शिंदे को गुप्त सूचना मिली थी कि नवघर पुलिस स्टेशन की सीमा में संचालित इस बार की आड़ में अश्लील गतिविधियां चल रही हैं। सूचना के अनुसार, बार मैनेजर आर्थिक लाभ के लिए लड़कियों को छोटे कपड़े पहनाकर उनसे अश्लील डांस और ग्राहकों को लुभाने वाले इशारे करवा रहा था। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पीआई सुशील कुमार शिंदे के नेतृत्व में सचिन सानप, योगेश काले, ऊमेश भागवत और अविनाश गर्जे की टीम ने अचानक बार पर धावा बोला।
छापेमारी के दौरान बार में अफरा-तफरी मच गई। तलाशी में स्टेज पर 4 महिला सिंगर्स अश्लील इशारे करते हुए मिलीं, जबकि छत पर बने मेकअप रूम में 3 अन्य लड़कियां पाई गईं। गहन जांच के दौरान पुलिस को बाथरूम और दीवार पर लगी टाइलों के पीछे एक इलेक्ट्रॉनिक तरीके से खुलने वाला मोटा लोहे का दरवाजा मिला। इस गुप्त कैविटी के भीतर 6 लड़कियां और 1 मासूम बच्चा दमघोंटू हालात में खड़े पाए गए।
पुलिस के अनुसार, जिस अमानवीय परिस्थिति में इन लड़कियों को छिपाकर रखा गया था, वह उनकी जान के लिए गंभीर खतरा बन सकती थी। मामले में पुलिस ने बार मालिक और मैनेजर के खिलाफ नियमों के उल्लंघन और शोषण के आरोप में भारतीय दंड संहिता, 2023 की धारा 110, 296, 54, 49 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। कुल 13 महिलाओं को मुक्त कराए जाने के बाद क्षेत्र के अवैध ऑर्केस्ट्रा बार संचालकों में हड़कंप मच गया है, जिससे इस नेटवर्क पर व्यापक कार्रवाई के संकेत मिल रहे हैं।