मुंबई मेयर कप का बजट बढ़कर हुआ 5 करोड़, पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में घोषणा
बीएमसी ने खेल बजट का विस्तार कर मेयर कप की राशि बढ़ाई, कीर्ति कॉलेज में आयोजित पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को मेयर रितू तावडे ने किया सम्मानित।
दादर के कीर्ति कॉलेज में आयोजित 'मुंबई महापौर चषक पावरलिफ्टिंग स्पर्धा-2026' के पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान मंच पर उपस्थित (बाएं से दाएं) मुंबई शहर पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी, विजेता खिलाड़ी सेजल मकवाना, रूबी दास, मुंबई की मेयर रितू तावडे, एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी, विजेता खिलाड़ी तन्वी शिंदे और असोसिएशएन के सदस्य।
मुंबई के प्रतिभावान और होनहार खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने खेल बजट में बड़ा विस्तार किया है। दादर (पश्चिम) स्थित कीर्ति कॉलेज में आयोजित ‘मुंबई महापौर चषक पावरलिफ्टिंग स्पर्धा-2026’ के भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में मुंबई की मेयर रितू तावडे ने घोषणा की कि शहर के खिलाड़ियों में ओलंपिक जैसी वैश्विक प्रतियोगिताओं में तिरंगा फहराने और पदक जीतने की अद्भुत क्षमता है। इसी उद्देश्य से ‘मेयर कप’ का कुल बजट बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
यह प्रतियोगिता मुंबई शहर पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित की गई, जिसमें कुल 147 एथलीटों ने भाग लिया। इनमें 100 पुरुष और 47 महिला खिलाड़ी शामिल रहे, जिन्होंने विभिन्न भार वर्गों में अपनी शक्ति और कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में महिला पावरलिफ्टरों के शानदार प्रदर्शन की विशेष सराहना की गई।
मेयर रितू तावडे ने इस अवसर पर कहा कि आज की महिलाएं सैकड़ों किलो वजन उठाकर विश्व मंच पर अपनी शक्ति साबित कर रही हैं। उन्होंने अपने पूर्व खो-खो खिलाड़ी होने का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों को हार से न घबराने और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर शिवछत्रपती और दादोजी कोंडदेव खेल पुरस्कार विजेताओं सहित देश की ‘स्ट्रांग वुमन’ रूबी दास को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के परिणामों में पुरुष वर्ग में योगेश गुंड को ‘सीनियर स्ट्रांग मैन’, विराज पावसकर को ‘जूनियर स्ट्रांग बॉय’ और राजेश शेटे को ‘मास्टर स्ट्रांग मैन’ के खिताब से सम्मानित किया गया। वहीं महिला वर्ग में सेजल मकवाना को ‘सीनियर स्ट्रांग वुमन’, तन्वी शिंदे को ‘जूनियर स्ट्रांग गर्ल’ तथा रूबी दास को ‘मास्टर स्ट्रांग वुमन’ का गौरव प्राप्त हुआ।
स्थानीय नगरसेवकों ने मेयर कप के बजट को 5 करोड़ रुपये किए जाने के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वॉर्ड स्तर पर खेल मैदानों के आधुनिकीकरण और व्यायाम उपकरणों की उपलब्धता से झुग्गी-बस्तियों तथा मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा। यह निर्णय मुंबई में खेल संस्कृति को नई दिशा देने और युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।