माणिकगढ़ सीमेंट कंपनी पर आदिवासी जमीन कब्जे का आरोप, राजस्व सचिव ने मांगी जांच रिपोर्ट
| चंद्रपुर की माणिकगढ़ माइंस में आदिवासी कोलाम समाज की जमीन को लेकर 15 साल पुराना विवाद फिर चर्चा में है। 493 हेक्टेयर जमीन की मापी और 150 हेक्टेयर कथित अवैध कब्जे के मामले में राजस्व सचिव ने जांच रिपोर्ट मांगी है।
अधिकारी और किसान चंद्रपुर के विवादित क्षेत्र में जमीन का निरीक्षण कर रहे हैं।
चंद्रपुर जिले में अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी की माणिकगढ़ माइंस से जुड़ा आदिवासी कोलाम समाज की जमीन का विवाद पिछले 15 वर्षों से जारी है। इस मामले में पांच किसानों ने राजस्व अधिकारी के कक्ष में विषपान कर लिया था, जिससे पूरे महाराष्ट्र में हड़कंप मच गया था। अब राज्य के राजस्व एवं वन सचिव ने मामले का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को विस्तृत जांच कर सटीक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
इससे पहले घटना के बाद जिलाधिकारी, पालकमंत्री और पुलिस अधीक्षक जिला अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया था कि शासन आदिवासियों के साथ खड़ा है और उनकी समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा। हालांकि, पिछले सात महीनों में प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई ठोस पहल सामने नहीं आई।
विवाद के तहत बॉम्बेझरी क्षेत्र में कोलाम समाज के किसानों की जमीन की मापी कर सीमांकन के पत्थर लगाए गए थे। इसके बावजूद कंपनी ने संबंधित जमीन पर उत्खनन किया, खेत से गुजरने वाले नाले का रास्ता बदल दिया और कृषि भूमि को नुकसान पहुंचाकर वहां भारी वाहनों की आवाजाही के लिए सड़क बना दी। जमीन की मापी के बाद किसानों ने सड़क पर गड्ढा खोदकर आवागमन बंद कर दिया था।
यह जमीन कुसुंबी माइंस की सीमा के भीतर होने के बावजूद कंपनी लगातार यह दावा करती रही कि संबंधित जमीन उसके क्षेत्र में नहीं आती। हालांकि, भूमि अभिलेख विभाग के अनुसार सर्वे नंबर 44, 45, 46, 47 और 48 की कृषि भूमि चूना पत्थर खदान क्षेत्र की सीमा के भीतर कंपनी के कब्जे में आ गई थी।
इसके बाद कंपनी ने सड़क को अपना बताने के बजाय सार्वजनिक निर्माण विभाग और जिला परिषद की जिम्मेदारी बताकर पल्ला झाड़ने का प्रयास किया। आंदोलनकारी किसानों के नेता आबिद अली ने सवाल उठाया कि यदि सड़क सरकारी थी तो प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत उसके निर्माण को मंजूरी मिलने के बावजूद कंपनी ने संबंधित विभागों को पत्र लिखकर स्वीकृत निधि वापस क्यों करवाई और निर्माण कार्य क्यों रुकवाया? इस सवाल का कंपनी की ओर से जवाब नहीं दिया गया।
किसानों की प्रमुख मांग है कि कंपनी की 493 हेक्टेयर जमीन की संपूर्ण मापी कराई जाए। इसके साथ ही नोकारी, कुसुंबी और बॉम्बेझरी शिवार की सभी जमीनों का सीमांकन किया जाए। पिछले 15 वर्षों से यह मांग लगातार उठाई जा रही है। कंपनी ने स्वयं मापी का खर्च जमा कर जमीन की मापी कराने की सहमति लिखित रूप में दी थी, लेकिन बाद में अपने रुख से पीछे हट गई।
जिलाधिकारी की 29 अप्रैल 2026 की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुसार कंपनी को मापी शुल्क जमा कर जमीन की मापी कराने के लिए कहा गया था। इस संबंध में भूमि अभिलेख निरीक्षक ने तीन बार पत्र भी जारी किए, लेकिन कंपनी ने उन पत्रों पर कोई कार्रवाई नहीं की। किसानों ने कंपनी के प्रबंधन के इस रवैये को प्रशासनिक नियंत्रण की कमी का परिणाम बताया है।
किसानों और आंदोलनकारियों का आरोप है कि कंपनी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से विवाद लगातार गंभीर होता गया। आदिवासी कोलाम समाज के लोगों पर दस आपराधिक मामले दर्ज कर उन्हें परेशान करने का प्रयास किया गया, जबकि कंपनी के खिलाफ कथित अन्याय और अत्याचार के बावजूद पुलिस प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की।
आरोप है कि कंपनी ने कई बार गांवों की पानी, सड़क और बिजली आपूर्ति बाधित कर दबाव बनाया। सुरक्षा रक्षकों पर मारपीट करने और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप भी लगाए गए, लेकिन संबंधित लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। आठ से दस गांवों को जोड़ने वाले रास्तों पर अलग-अलग स्थानों पर गेट लगाकर आवागमन बंद कर दिया गया था। इन गेटों को खुलवाने के लिए भी प्रशासन को पांच साल लग गए।
किसानों का कहना है कि प्रशासन ने आम लोगों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय सीमेंट कंपनी की परेशानियां दूर करने को प्राथमिकता दी। ऐसे में आदिवासी समाज को न्याय के लिए और कितने समय तक इंतजार करना पड़ेगा, यह सवाल बना हुआ है।
मई 2026 के दौरान कंपनी पर अपनी निर्धारित सीमा से बाहर जाकर करीब 150 हेक्टेयर निजी, राजस्व और वन विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा करने का भी आरोप लगाया गया। किसानों के अनुसार, संबंधित जमीन पर सीमेंट के खंभे लगाकर तारों की बाड़बंदी की गई। इस संबंध में कई बार राजस्व प्रशासन को जानकारी देने और ज्ञापन सौंपने के बावजूद कथित अतिक्रमण हटाने की दिशा में कार्रवाई नहीं हुई।
आदिवासी किसानों की ओर से दिए गए ज्ञापन के बाद राज्य के राजस्व एवं वन सचिव ने मामले का संज्ञान लिया और पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए। जिलाधिकारी के ई-ऑफिस पत्र के अनुसार तहसीलदार ज्योति को संबंधित किसानों की जमीन के गट क्रमांक, सर्वे नंबर, क्षेत्रफल और सातबारा अभिलेख की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही माणिकगढ़ सीमेंट कंपनी की ओर से किए गए कथित अनधिकृत निर्माण स्थल की पड़ताल, जमीन की मापी की वर्तमान स्थिति, संबंधित भूमि पर कंपनी के कब्जे की वैधता और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रस्तावित कार्रवाई का विवरण शामिल करते हुए तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
इसी क्रम में मंडल अधिकारी नामदेव मेश्राम, ग्राम राजस्व अधिकारी अनिल पेंदोर और ज्योति नन्नवरे ने संबंधित क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान गांव के परियोजना प्रभावित किसान, लिंगनडोह के पुलिस पाटिल और नोकारी के किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। ग्राम राजस्व अधिकारी ने बताया कि मौके पर निरीक्षण और जांच के बाद रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रस्तुत की जाएगी।
हालांकि, किसानों का कहना है कि इससे पहले भी कई बार जमीन का निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपी जा चुकी है, लेकिन प्रशासन की ओर से गंभीरता से कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है।
किसानों ने स्पष्ट किया कि केवल मौके का निरीक्षण और जांच रिपोर्ट तैयार करने से विवाद का समाधान नहीं होगा। कंपनी के कथित अनधिकृत कब्जे, वन एवं निजी जमीन पर उत्खनन और बिना अनुमति की गई तारबंदी के मामले में कार्रवाई के साथ ही कंपनी के कब्जे वाली 493 हेक्टेयर जमीन की संपूर्ण मापी कराई जानी चाहिए। किसानों ने आदिवासी कोलाम समाज को न्याय दिलाने की मांग दोहराई है।
इस दौरान बालु सिडाम, सोमा आत्राम, गणेश कुडमेथे, महादेव कुळमेथे, रामदास मंगाम, भीमा मडावी, रामकिसन आत्राम, विकास मेश्राम, गणेश कुडसंगे और उत्तम पवार उपस्थित रहे। अब इस मामले में राज्य सरकार और जिला प्रशासन की ओर से क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर प्रभावित आदिवासी किसानों की नजरें टिकी हैं।