ओम कोठारी कॉलेज में 'गुरु दीक्षा 2026' फेयरवेल पार्टी आयोजित
कोटा विश्वविद्यालय की डीन डॉ. सुषमा सिंह मुख्य अतिथि रहीं, जहां उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
ओम कोठारी संस्थान के मंच पर पुरस्कार थामे खड़े छात्र और अतिथिगण।
कोटा। ओम कोठारी टीचर्स ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट में आयोजित फेयरवेल पार्टी ‘गुरु दीक्षा 2026’ में विदाई के भावुक पलों के साथ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को यादगार बना दिया। संस्थान के विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स को सम्मान के साथ विदाई दी। कार्यक्रम में कोटा विश्वविद्यालय, कोटा के शिक्षा विभाग की डीन डॉ. सुषमा सिंह मुख्य अतिथि रहीं।
कार्यक्रम में संस्थान निदेशक डॉ. अमित सिंह राठौड़, प्राचार्या डॉ. स्नेहलता धर्मावत, डॉ. गीता गुप्ता, मैनेजमेंट एचओडी मोहित पंत, व्याख्याता एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। स्वागत भाषण में संस्थान निदेशक डॉ. अमित सिंह राठौड़ ने विद्यार्थियों से कहा कि विद्यार्थी जीवन के ये दिन कड़ी मेहनत के साथ सफलता पाने के लिए हैं। इन दिनों में की गई मेहनत विद्यार्थी को सफलता के शिखर तक पहुंचा सकती है, जबकि इस दौरान समय व्यर्थ करने से संपूर्ण जीवन संघर्षमय हो सकता है।
मुख्य अतिथि डॉ. सुषमा सिंह ने कहा कि सभी भावी शिक्षक हैं, इसलिए उनके कंधों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्हें स्वयं अनुशासित होकर अधिक से अधिक सीखना चाहिए, ताकि वे भावी पीढ़ी में शिक्षा, ज्ञान और संस्कारों का संवहन कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की बात भी कही।
महाविद्यालय प्रवक्ता प्रतीक गुप्ता के अनुसार फेयरवेल पार्टी में जूनियर्स ने सीनियर्स के सम्मान में विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। डांस, नाटक और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। लोक नृत्य और लोकगीतों के माध्यम से भारत की रंग-रंगीली संस्कृति की झांकी प्रस्तुत की गई। सीनियर विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर और कार्ड के माध्यम से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विज्ञान दिवस पर आयोजित प्रतियोगिता के तहत रचनात्मक प्रोजेक्ट बनाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। फेयरवेल पार्टी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सीनियर विद्यार्थियों ने अपने विचार साझा किए और शानदार पार्टी के लिए जूनियर्स व कॉलेज प्रशासन का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि ओम कोठारी संस्थान में पढ़ाई का बहुत अच्छा माहौल है। सीनियर विद्यार्थियों ने कॉलेज में बिताए अपने समय के खट्टे-मीठे अनुभव भी साझा किए। पार्टी को लेकर जहां वे खुश नजर आए, वहीं संस्थान से विदाई की याद में उनका मन भी भावुक रहा।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या डॉ. स्नेहलता धर्मावत ने सभी को धन्यवाद देते हुए विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभाशीष दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस तरह ‘गुरु दीक्षा 2026’ में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सम्मान और भावुक विदाई के बीच गुरु-शिष्य संबंधों की आत्मीयता देखने को मिली।