तस्वीर में कोटा के एक होटल में गणेश उत्सव के दौरान पारंपरिक पोशाक में नजर आ रही रोटरी क्लब पद्मिनी की सदस्य महिलाएं।   

कोटा। रोटरी क्लब पद्मिनी, कोटा की ओर से तलवंडी स्थित होटल जोहरी में गणेश उत्सव समारोह का आयोजन किया गया। पीले रंग की विशेष ड्रेस थीम के बीच आयोजित कार्यक्रम में क्लब सदस्यों ने धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और आपसी सौहार्द के साथ उत्सव मनाया।

कार्यक्रम का संचालन प्रोजेक्ट डायरेक्टर्स रोटेरियन शशि अग्रवाल, रेनू दीपचंदानी, महिमा तलवार एवं डॉ. रश्मि दाधीच के निर्देशन में किया गया। समारोह में आकर्षक सजावट, हस्तनिर्मित उपहार, पारंपरिक खेल, हाउजी और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। सदस्यों ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

क्लब अध्यक्ष दीप्ति राजावत ने बताया कि गणेश उत्सव के दौरान मोदक प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। क्लब की सदस्याएं अपने घरों से विभिन्न प्रकार के मोदक बनाकर लाई थीं। प्रतियोगिता में उन्होंने अपनी पाक-कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। इसमें डॉ. प्रीति शर्मा ने प्रथम, सुषमा बंसल ने द्वितीय तथा दीप्ति गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

क्लब अध्यक्ष दीप्ति राजावत एवं सचिव डॉ. प्रीति शर्मा ने आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक समरसता, पारिवारिक मूल्यों और आपसी संबंधों को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

तीन घंटे तक चले गणेश उत्सव में सदस्यों ने गीत, संगीत, खेल और संवाद के माध्यम से समय व्यतीत किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने भगवान गणेश से सुख, समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना की। इसके बाद “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष के साथ समारोह का समापन हुआ।

Tags: