कोटा में जेसीआई कोटा अचीवर्स के 2026 अवॉर्ड बैंक्वेट व दीपावली मिलन में सम्मानित सदस्य व पदाधिकारी।

सामाजिक सेवा, युवा नेतृत्व और जनकल्याण के क्षेत्र में वर्षभर सक्रिय भूमिका निभाने वाले जेसीआई कोटा अचीवर्स के सदस्यों को वर्ष 2026 के अवॉर्ड बैंक्वेट एवं दीपावली मिलन समारोह में सम्मानित किया गया। समारोह में संगठनात्मक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले गवर्निंग बोर्ड ऑफिसर्स एवं सदस्यों को विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए गए। इस दौरान संगठन की सालभर की उपलब्धियों का भी प्रस्तुतिकरण किया गया।

अध्यक्ष अक्षत बाबरिया जैन ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि डिप्टी कमांडेंट पवन जैन ने युवाओं को समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा सकारात्मक बदलाव की दिशा में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि एवं जेसीआई कोटा के संस्थापक एम.पी. चतर ने कहा कि जीवन में सही समय पर निर्णय लेने की क्षमता सफलता का महत्वपूर्ण आधार है।

प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर जेसी गोर्धन गोचर ने बताया कि समारोह में पूरे वर्ष समर्पण और सक्रियता के साथ संगठनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों में योगदान देने वाले सदस्यों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष अक्षत बाबरिया जैन ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर संस्था की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से वर्षभर के प्रमुख कार्यक्रमों और कार्यों को भी प्रदर्शित किया गया।

वर्ष 2026 के दौरान जेसीआई कोटा अचीवर्स ने विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियां संचालित कीं। संस्था की ओर से सीआईएसएफ के जवानों एवं अधिकारियों के कौशल और व्यक्तित्व विकास के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं, ग्रीन आर्मी के सहयोग से लव-कुश वाटिका में लगभग 100 पौधे लगाकर 'अचीवर्स की वाटिका' विकसित की गई।

सदस्यों को संसदीय कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के सहयोग से संसद भवन एवं लोकसभा का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। महिला नेतृत्व को प्रोत्साहन देने के लिए ऑल फीमेल कैप्टन्स स्पोर्ट्स टूर्नामेंट का आयोजन भी किया गया।

संस्था ने स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े सामाजिक सरोकारों के तहत HIV संक्रमित बच्चों की सहायता के लिए 100 किलो दाल और 100 किलो चावल उपलब्ध कराए। अवॉर्ड समारोह में इन सभी गतिविधियों के माध्यम से संगठन के सदस्यों की सेवा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति सक्रिय भागीदारी को रेखांकित किया गया।

Tags: