तस्वीर में कोटा में आयोजित अग्र सप्ताह कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में मंच पर नृत्य प्रस्तुत करतीं महिलाएं और बालिकाएं नजर आ रही हैं।

कोटा, 5 अक्टूबर। श्री अग्रवाल वैष्णव मोमीयान पंचायत महिला मंडल की ओर से आयोजित अग्र सप्ताह के तहत सोमवार को बालिकाओं एवं महिलाओं ने राजस्थानी थीम पर आधारित गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में हुई प्रस्तुतियों में लोक संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली।

महिला मंडल अध्यक्ष शिखा मित्तल एवं सचिव सुनीता गोयल ने बताया कि प्रतिभागियों ने पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में लोकगीतों और नृत्यों की प्रस्तुतियां दीं। घूमर सहित विभिन्न राजस्थानी लोकनृत्यों ने कार्यक्रम में रंग जमा दिया। उपस्थित महिलाओं ने तालियों से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

संरक्षिका सावित्री गुप्ता ने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में बालिकाओं एवं महिलाओं का उत्साह देखते ही बना।

सचिव सुनीता गोयल ने बताया कि इस दौरान डांस प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। बच्चों की डांस प्रतियोगिता में प्रथम आश्वी अग्रवाल और द्वितीय आरव बंसल रहे। वहीं सीनियर डांस प्रतियोगिता में प्रथम ऐश्वर्या गोयल और द्वितीय विनीता गर्ग रहीं। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

Tags: