वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान: पाली में पौधारोपण के साथ भव्य आगाज

कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने पाली में जल संरक्षण अभियान की शुरुआत की, पौधारोपण कर लोगों को जल संचयन के लिए प्रेरित किया।

Update: 2026-05-25 14:56 GMT

पाली में 'वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026' के दौरान कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत उपस्थित महिलाओं को पीपल का पौधा वितरित करते हुए।

पाली। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 'वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026' का भव्य आगाज सोमवार, 25 मई को पाली में हुआ। गंगा दशहरा के पावन पर्व पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस अभियान की शुरुआत कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत के मुख्य आतिथ्य में की गई। 25 मई से शुरू होकर विश्व पर्यावरण दिवस, 5 जून तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न विभागों द्वारा जल संरक्षण एवं स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने प्रातः व्यास सर्कल से 'वन्दे गंगा कलश यात्रा' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रभात फेरी व्यास सर्कल से अंबेडकर सर्कल तक निकाली गई, जहाँ मंत्री कुमावत ने उपस्थित जनसमूह को जल बचाने एवं उसे संरक्षित रखने की शपथ दिलाई। इस दौरान लखोटिया उद्यान में श्रमदान और स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए मंत्री ने गऊ घाट पर पीपल पूजन, दीप प्रज्ज्वलन, रंगोली निर्माण और विधि-विधान से जल पूजन के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी भाग लिया। इस अवसर पर 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से मंत्री ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ लखोटिया उद्यान में पौधारोपण किया। साथ ही, उन्होंने नारी शक्ति को पीपल के पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

संबोधन के दौरान कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने जल की प्रत्येक बूँद के महत्त्व को रेखांकित करते हुए कहा कि जल के बिना सृष्टि की कल्पना असंभव है। उन्होंने कहा कि बढ़ता जल संकट एक गंभीर चुनौती है, जिसका सामना करने के लिए वर्षा जल संचयन और पारंपरिक जल स्रोतों का पुनरुद्धार अनिवार्य है। मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि जल प्रबंधन की धुरी महिलाएँ हैं, और कलश यात्रा में उनकी व्यापक भागीदारी जल चेतना के उदय का प्रमाण है। राजस्थान सरकार जल संरक्षण के प्रति संकल्पित है, किंतु जन भागीदारी के बिना कोई भी अभियान सफल नहीं हो सकता।

पत्रकार वार्ता में मंत्री कुमावत ने मीडिया की भूमिका को अत्यंत महत्त्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि मीडिया ही इस संदेश को जन-जन तक पहुँचाकर लोगों को अभियान से जोड़ सकता है। उन्होंने विगत वर्ष हुए रिकॉर्ड पौधारोपण का उल्लेख करते हुए भावी पीढ़ी को स्वच्छ पर्यावरण और समृद्ध संस्कृति सौंपने का आह्वान किया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में प्रभारी सचिव पी रमेश, जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह, पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा, जिला परिषद सीईओ मुकेश चौधरी, एसीईओ महेंद्र मेहता, उपखंड अधिकारी, स्काउट गाइड के सदस्य एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Similar News