जयपुर में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत कल जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन

जयपुर जिला प्रशासन ग्रामीण स्तर पर नुक्कड़ नाटकों और नवीन अमृत सरोवर संरचनाओं के शिलान्यास के जरिए आमजन को जल संचय के प्रति जागरूक करेगा।

Update: 2026-05-25 14:55 GMT

जयपुर जिला प्रशासन प्रेस नोट-3 के तहत “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” के अंतर्गत मंगलवार, 26 मई को समस्त ब्लॉक मुख्यालयों एवं समस्त ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण एवं जनभागीदारी को लेकर व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा अधिकतम संख्या में जन-जन को “वंदे गंगा” जल संरक्षण जन अभियान-2026 का संकल्प दिलाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान नवीन अमृत सरोवर एवं जल संग्रहण तथा जल संरक्षण संरचनाओं का शिलान्यास व भूमि पूजन किया जाएगा, साथ ही पूर्ण हो चुके कार्यों का अवलोकन एवं लोकार्पण भी किया जाएगा। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतिभा वर्मा ने बताया कि “हरियालो राजस्थान महाअभियान” के अंतर्गत पौधारोपण कार्यों की अग्रिम तैयारी की जाएगी तथा औरण एवं चारागाहों का चिन्हीकरण कर घास बुआई की प्रक्रिया संपन्न होगी।

इसके अतिरिक्त “कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान” के अंतर्गत कार्यों का अवलोकन किया जाएगा और नवीन स्वीकृतियाँ जारी की जाएंगी। मनरेगा एवं वीबी जी राम जी योजना के अंतर्गत जल संरक्षण कार्यों को प्रारम्भ किया जाएगा। साथ ही उक्त योजनाओं के अंतर्गत इंद्राज से शेष रहे 1.20 लाख कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल संचय जन भागीदारी-2.0 पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा।

इन सभी गतिविधियों के माध्यम से राज्य में जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं जनभागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में व्यापक पहल की जाएगी, जिससे ग्रामीण स्तर पर सतत जल प्रबंधन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Similar News