तस्वीर में पुलिसकर्मी और गिरफ्तार आरोपी थाने के बाहर खड़े नजर आ रहे हैं।

उदयपुर में जमीनी विवाद से जुड़े अपहरण के मामले में सुखेर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 6 घंटे में मामले का खुलासा कर अपहृत युवक कमलेश को सकुशल बरामद कर लिया। आरोपियों ने स्कूटी को कार से टक्कर मारकर युवक को जबरन कार में बैठाया था। पुलिस ने देलवाड़ा और खमनोर के जंगलों में दबिश देकर युवक को मुक्त कराया और वारदात में प्रयुक्त मारुति ईको कार जब्त कर ली। मामले में चार महिलाओं समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

जयपुर, 10 सितम्बर। जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में सुखेर थाना पुलिस ने जमीनी विवाद से जुड़े दिनदहाड़े अपहरण की वारदात का 6 घंटे में खुलासा किया। एसपी डॉ. दुहन ने बताया कि बेदला निवासी ललिता ने सुखेर थाने में रिपोर्ट दी कि सुबह करीब 8 बजे उनके पति कमलेश अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने गए थे। इसी दौरान मंजु डांगी, कंकु डांगी, भगवती लाल डांगी, शिवम डांगी और प्रकाश डांगी ने कार से उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी और कमलेश को जबरन कार में डालकर अपने साथ ले गए।

रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों द्वारा पूर्व में भी कमलेश को जान से मारने की धमकी दी गई थी। पूरा मामला आपसी जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ बताया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर तत्काल दो विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के साथ मनोवैज्ञानिक तरीके से भी जांच आगे बढ़ाई और अपहृत युवक तथा आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम आरोपियों का पीछा करते हुए देलवाड़ा क्षेत्र के गुडली गांव और खमनोर के जंगलों तक पहुंची। पुलिस का दबाव बढ़ता देख आरोपी अपनी योजना को अंजाम नहीं दे सके।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कमलेश का अपहरण कर उससे जबरन जमीन की रजिस्ट्री करवाना चाहते थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी अपनी योजना में सफल नहीं हो सके और जंगल क्षेत्र से अपहृत कमलेश को सकुशल मुक्त करा लिया गया।

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मारुति ईको कार को भी जब्त कर लिया। मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका तथा जमीनी विवाद से जुड़े पूरे घटनाक्रम के संबंध में अनुसंधान कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में मंजु पत्नी भगवती लाल डांगी (27), शिवम पुत्र कमल डांगी (25), कंकु बाई पत्नी कमल डांगी (50), निर्मला पत्नी सुखलाल मीणा (21), जया पत्नी धन्ना मीणा (22) और प्रकाश पुत्र कमलचंद (21) शामिल हैं। इनमें मंजु, शिवम, कंकु बाई और प्रकाश गुडली, देलवाड़ा, राजसमंद क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि निर्मला रायता, नाई, उदयपुर और जया गामड़ा पाल, सलूम्बर की निवासी है।

कार्रवाई में वृत्ताधिकारी पश्चिम राजेश यादव, थानाधिकारी अमर सिंह, उप निरीक्षक भोपाल सिंह, सहायक उप निरीक्षक हरीश चन्द्र सनाढ्य, हेड कांस्टेबल श्रवण, कांस्टेबल अचला राम, शिम्भु राम, महिला कांस्टेबल मुनेश, चालक कांस्टेबल बसन्त तथा साइबर सेल के हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह शामिल रहे।

डीएसटी टीम में प्रभारी भरत योगी, सहायक उप निरीक्षक विक्रम सिंह, हेड कांस्टेबल हितेन्द्र सिंह, कांस्टेबल शक्ति सिंह और सुमेर ने भी कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपहरण की वारदात का 6 घंटे में खुलासा हुआ और युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया।

Tags: