जयपुर के श्री अमरापुर स्थान में स्वामी सर्वानंद जी महाराज के 130वें जन्मोत्सव समारोह के चतुर्थ दिवस पर आयोजित कन्या पूजन एवं भोज के दौरान कन्याओं को प्रसाद और उपहार वितरित करते श्रद्धालु।

जयपुर स्थित आस्था और भक्ति के पावन केंद्र श्री अमरापुर स्थान में महर्षि सतगुरु स्वामी सर्वानंद जी महाराज के 130वें जन्मोत्सव के चतुर्थ दिवस पर 130 कन्याओं का विधिवत पूजन कर उन्हें श्रद्धापूर्वक भोजन करवाया गया। इस अवसर पर संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं ने कन्याओं को विभिन्न उपहार और भेंट प्रदान किए। पांच दिवसीय जन्मोत्सव के समापन पर शनिवार, 24 अक्टूबर को 56 भोग, 130 दीप प्रज्वलन और विशाल भंडारे सहित कई विशेष धार्मिक आयोजन होंगे।

स्वामी सर्वानंद महाराज के 130वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित कन्या पूजन एवं विशाल भोज में नन्ही कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका सम्मान किया गया। संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं ने कन्याओं का विधिवत पूजन किया और उन्हें सम्मानपूर्वक भोजन करवाने के साथ विभिन्न उपहार भेंट किए।

संतों ने कहा कि वर्तमान समय में जहां बेटियों को नकारने और उनके साथ भेदभाव करने जैसी स्थितियां देखने को मिलती हैं, वहीं जन्मोत्सव के अवसर पर 130 कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन करवाया गया और उपहार देकर उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि बेटियों के चेहरे की मुस्कान परिवार और समाज की असली शान है। 130 कन्याओं के आतिथ्य से श्री अमरापुर स्थान में उत्सव का माहौल रहा।

शनिवार, 24 अक्टूबर को सतगुरु स्वामी सर्वानंद महाराज के पांच दिवसीय 130वें जन्मोत्सव का समापन होगा। इस अवसर पर श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ और गीता जी के पाठों का भोग परायण, बधाई गीत, महाप्रसादी भोग तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

संतों ने बताया कि जन्मोत्सव के समापन पर सायंकाल 56 भोग और 130 दीप प्रज्वलन का विशेष आयोजन होगा। उत्सव के उपलक्ष्य में श्री मंदिर के दिव्य समाधि स्थल पर विशेष श्रृंगार भी किया जाएगा।

जन्मोत्सव के दौरान इससे पहले हवन-यज्ञ अनुष्ठान, विशाल संत भंडारा, बटुक ब्राह्मण भोज के तहत गुरुकुल के बच्चों को भोजन, संकीर्तन मंडली द्वारा कीर्तन और गौ सेवा सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान किए गए। शनिवार को होने वाले समापन समारोह में धार्मिक पाठ, महाप्रसादी भोग, दीप प्रज्वलन और विशाल भंडारे के साथ पांच दिवसीय जन्मोत्सव संपन्न होगा।

Tags: