तस्वीर में रवांजना डूंगर थाना क्षेत्र में पकड़े गए दो तस्कर सफेद कार और पिकअप के आगे बैठे नजर आ रहे हैं।

सवाई माधोपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय स्मैक तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। रवांजना डूंगर थाना पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कुस्तला टोल प्लाजा के पास स्मैक के आदान-प्रदान के दौरान दो तस्करों को 153.34 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये है।

पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देश पर थानाधिकारी रवांजना डूंगर श्यामसुंदर के नेतृत्व में यह कार्रवाई जयपुर रेंज साइबर सेल की सूचना पर की गई। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार और पिकअप भी जब्त की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि कोटा की तरफ से एक पिकअप दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के रास्ते कुस्तला टोल प्लाजा की ओर आ रही है, जिसमें मादक पदार्थ होने की संभावना है। इसी मादक पदार्थ को लेने के लिए लालसोट की तरफ से एक स्विफ्ट डिजायर कार आने और दोनों वाहनों के बीच एक्सप्रेसवे पर ही मादक पदार्थ का आदान-प्रदान होने की सूचना मिली थी।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो स्विफ्ट डिजायर कार और पिकअप आमने-सामने खड़ी मिलीं। कार में सुभाष गुर्जर निवासी खोयली थाना गढ़मोरा जिला करौली, हाल दौसा, तथा पिकअप में रामनिवास मीना निवासी खेड़ी थाना छीपाबड़ौद जिला बारां बैठे मिले। दोनों वाहनों और आरोपियों की नियमानुसार तलाशी लेने पर सुभाष गुर्जर की कार में खाकी रंग की टेप में पैक 153.34 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

प्रारंभिक पूछताछ में सुभाष गुर्जर ने स्मैक रामनिवास मीना से लेना बताया। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में काफी समय से स्मैक की तस्करी करने तथा इसे सवाई माधोपुर, करौली, दौसा, जयपुर और एनसीआर सहित विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई करने की बात बताई है। इन क्षेत्रों में खरीदार स्मैक को आगे छोटे स्तर पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे।

पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों, सप्लायर और खरीदारों के बारे में जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई में रवांजना डूंगर थाना पुलिस, डीएसटी सवाई माधोपुर और जयपुर रेंज साइबर सेल के एएसआई रतनदीप, हेड कांस्टेबल राकेश, रोशन और जितेन्द्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Tags: