जयपुर जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 को लेकर चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने “एक राज्य-एक चुनाव” के सिद्धांत के अनुरूप जयपुर जिले के नगरीय निकायों के आम चुनाव दो चरणों में कराने का कार्यक्रम घोषित किया है। जिले में नगर निगम सहित कुल 19 नगरीय निकायों के 28 लाख 25 हजार 46 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी म्युनिसिपल संदेश नायक ने बताया कि सदस्य पद के लिए लोक सूचना 27 अगस्त को जारी होगी और नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर अपराह्न 3ः00 बजे तक निर्धारित की गई है। निर्वाचन चिन्हों का आवंटन 4 सितंबर को किया जाएगा।

अभ्यर्थी 27, 29 एवं 31 अगस्त 2026 को प्रातः 10ः30 बजे से दोपहर 3ः00 बजे तक संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के यहां नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। प्रथम चरण में नगर परिषद एवं नगर पालिका के सदस्यों के लिए 9 सितंबर को मतदान होगा। द्वितीय चरण में नगर निगम के सदस्यों के लिए 11 सितंबर को प्रातः 7ः00 बजे से सायं 6ः00 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतगणना 14 सितंबर, सोमवार को भवानी निकेतन कॉलेज परिसर में की जाएगी।

निर्वाचन में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का उपयोग किया जाएगा। मतदान के समय मतदाता को पहचान पत्र (ईपीआईसी) प्रस्तुत करना होगा। जिन मतदाताओं के पास ईपीआईसी नहीं है, वे आयोग द्वारा मान्य 11 वैकल्पिक फोटो दस्तावेजों में से किसी एक मूल दस्तावेज को प्रस्तुत कर सकेंगे।

नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए जयपुर जिले के नगर निगम सहित कुल 19 नगरीय निकायों में 28 लाख 25 हजार 46 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 14 लाख 63 हजार 1 पुरुष, 13 लाख 61 हजार 949 महिला एवं 96 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

जयपुर नगर निगम में कुल 24 लाख 33 हजार 121 मतदाता हैं। इनमें 12 लाख 61 हजार 380 पुरुष, 11 लाख 71 हजार 649 महिला एवं 92 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। चौमूं नगर परिषद में 53,182 तथा शाहपुरा नगर परिषद में 64,106 मतदाता हैं।

नगरपालिकाओं में बगरू में 23,254, बस्सी में 20,785, चाकसू में 30,250, दूदू में 15,316, जमवारामगढ़ में 19,975, जोबनेर में 9,036, कालाडेरा में 10,674, कानोता में 9,322, खेजरोली में 15,152, किशनगढ़ रेनवाल में 23,905, मनोहरपुर में 20,065, नरायना में 13,142, फागी में 11,757, फुलेरा में 19,093, सांभर में 17,733 तथा वाटिका में 15,178 मतदाता हैं।

जयपुर जिले में 27 अगस्त से नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ नगरीय निकाय आम चुनाव की प्रक्रिया निर्णायक चरण में प्रवेश कर गई है। 31 अगस्त तक नामांकन, 1 सितंबर को संवीक्षा, 3 सितंबर तक अभ्यर्थिता वापसी और 4 सितंबर को निर्वाचन चिन्ह आवंटन के बाद जिले में 9 और 11 सितंबर को मतदान तथा 14 सितंबर को मतगणना होगी।

Tags: