राजस्थान विश्वविद्यालय प्रोफेसर वेतन निर्धारण मामला पहुंचा राज्यपाल के पास
| वर्षों से वेतन निर्धारण अटकने से वरिष्ठ और सेवानिवृत्त शिक्षकों को परेशानी हो रही है; प्रतिनिधिमंडल ने हस्तक्षेप और त्वरित निस्तारण की मांग की है।
राजस्थान विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों के लंबित वेतन निर्धारण पर राज्यपाल से प्रतिनिधिमंडल ने की भेंट।
राजस्थान विश्वविद्यालय के पदोन्नत प्रोफेसरों के वर्षों से लंबित वेतन निर्धारण का मामला अब राज्यपाल और विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति हरिभाऊ किसनराव बागड़े तक पहुंच गया है। लंबे समय से समाधान की प्रतीक्षा कर रहे वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त प्रोफेसरों की समस्याओं को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने तीन दिन पूर्व राज्यपाल से मुलाकात कर शीघ्र न्याय दिलाने की गुहार लगाई।
प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान के महामहिम राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े से शिष्टाचार भेंट के दौरान राजस्थान विश्वविद्यालय में पदोन्नत प्रोफेसरों के वेतन निर्धारण से जुड़े लंबित प्रकरण की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान शिक्षकों की समस्याओं और वर्षों से अटके वेतन निर्धारण के मामले को उनके समक्ष रखा गया।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को अवगत कराया कि वेतन निर्धारण में लगातार हो रही देरी के कारण विश्वविद्यालय के वरिष्ठ और सेवानिवृत्त प्रोफेसरों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्षों से लंबित इस प्रकरण के कारण शिक्षकों को राहत नहीं मिल पा रही है।
शिक्षकों की समस्याओं को देखते हुए प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देकर लंबित वेतन निर्धारण का शीघ्र निस्तारण कराने और प्रभावित शिक्षकों को न्याय दिलाने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि राज्यपाल के संज्ञान में मामला आने के बाद राजस्थान विश्वविद्यालय के पदोन्नत प्रोफेसरों के वर्षों से लंबित वेतन निर्धारण प्रकरण के समाधान की दिशा में जल्द सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे। अब शिक्षकों की नजर इस मामले में होने वाली प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है।