राजस्थान पुलिस के 5 बड़े कारनामे: करंट से युवक की जान बचाई, 28 महिला टप्पेबाज गिरफ्तार
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने विभिन्न जिलों में साहसिक कार्य और आर्थिक घोटाले व डकैती के मामलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना की है।
बाएं तरफ कांस्टेबल सुनील कुमार और दाएं तरफ करंट की चपेट में आए घायल मोतीलाल दिख रहे हैं।
राजस्थान पुलिस के जवानों ने साहस, संवेदना और सूझबूझ का परिचय देते हुए बीते सप्ताह अलग-अलग जिलों में उल्लेखनीय कार्रवाइयों को अंजाम दिया। हाई-टेंशन पोल पर करंट से झुलसकर लटके युवक को सुरक्षित बचाने से लेकर करोड़ों रुपये के फर्जी बैंक ऋण घोटाले में इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी, ज्वैलर्स से डकैती के मामले में वांछित अपराधी को पकड़ने, 50 लाख रुपये के अवैध पटाखे जब्त करने और धार्मिक आयोजन में जेवर चुराने वाली अंतरराज्यीय गैंग की 28 महिलाओं को गिरफ्तार करने तक, पुलिस की पांच प्रमुख सफलताएं सामने आई हैं। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में जिलों से प्राप्त सफलता की कहानियों में से चयनित इन पांच कार्रवाइयों की सराहना करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि पुलिसकर्मियों के ऐसे कार्य पूरे पुलिस बल का मनोबल बढ़ाते हैं और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिसकर्मी आगे भी इसी समर्पण, साहस और संवेदनशीलता के साथ काम करते रहेंगे तथा इन सफलताओं से अन्य पुलिसकर्मी भी प्रेरणा लेंगे।
जयपुर पश्चिम में खोराबीसल थाना क्षेत्र के कांस्टेबल चालक सुनील कुमार ने जान की परवाह किए बिना एक युवक को बचाकर साहस का परिचय दिया। चेतक 60 पर ड्यूटी के दौरान पीसीआर से सूचना मिलने पर पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। वहां मोतीलाल ठाकुर पुत्र गोकुल (50), निवासी गांव दराडिया, थाना रैली, जिला सागर, मध्य प्रदेश, हाल बावड़ी पहाड़ी तलहटी कच्ची बस्ती, 33 हजार वोल्ट के हाई-टेंशन तार की चपेट में आने से करंट से गंभीर रूप से झुलसकर पोल पर लटका हुआ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कांस्टेबल चालक सुनील कुमार (नं. 5512) ने तत्काल पोल पर चढ़कर घायल युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसकी जान बच गई। कांस्टेबल के इस साहसिक कार्य की व्यापक सराहना हो रही है।
जयपुर उत्तर में माणकचौक थाना क्षेत्र के राजलक्ष्मी बैंक फर्जी ऋण घोटाले में पुलिस ने 10-10 हजार रुपये के इनामी दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। दी राजलक्ष्मी महिला अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, जयपुर में फर्जी पट्टों और दस्तावेजों के आधार पर 13 फर्जी ऋण खाते बनाकर करोड़ों रुपये हड़पने और बैंक को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज है। इस प्रकरण में बैंक की पूर्व अध्यक्षा, अधिकारियों, ऋणियों और अधिवक्ताओं सहित कुल 59 आरोपी नामजद हैं। लंबे समय से फरार दोनों आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहे थे। विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस अब मामले में हड़पी गई संपत्ति और शेष आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सीकर जिले में नेछवा थाना क्षेत्र के गनेड़ी में ज्वैलर्स से हुई डकैती के मामले में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी रामेश्वर लाल सोनी उर्फ रमेश को गिरफ्तार किया। उसे 10 अक्टूबर 2026 को पकड़ा गया। आरोपी जिला स्तर पर टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल था और डकैती के गंभीर मामले में वांछित चल रहा था। घटना के आठ महीने बाद हुई इस गिरफ्तारी से पुलिस को मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली और वांछित आरोपी कानून के शिकंजे में आ गया।
टोंक जिले में पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देशन में जिला विशेष टीम (डीएसटी) और निवाई थाना पुलिस ने अवैध पटाखों के खिलाफ कार्रवाई की। संयुक्त टीम ने 12 अक्टूबर 2026 को निवाई के आदित्य प्लाजा स्थित दुकानों पर दबिश दी। बिना लाइसेंस भारी मात्रा में पटाखे रखने के आरोप में तुलसी राम चंदानी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 50 लाख रुपये मूल्य के बारूद से भरे 400 से अधिक कार्टन जब्त किए। आरोपी के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान जारी है।
डीडवाना-कुचामन जिले में कुचामन सिटी थाना क्षेत्र में धार्मिक आयोजन के दौरान महिलाओं के जेवर चुराने वाली अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया गया। 12 अक्टूबर 2026 को शिव मंदिर से उगरपुरा तक निकाली गई भागवत कथा कलश यात्रा के दौरान महिलाओं के सोने-चांदी के जेवर चुराने या तोड़ने की वारदातें हुई थीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैंग की 28 महिलाओं को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिलाओं में वारदात को सीधे अंजाम देने वाली चार मुख्य महिलाएं भी शामिल हैं। इस कार्रवाई से धार्मिक आयोजनों में सक्रिय टप्पेबाजों और चोर गिरोहों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली।
इन पांच कार्रवाइयों की सराहना करते हुए डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस का प्रत्येक जवान जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अच्छा कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सदैव प्रोत्साहित किया जाएगा और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। सप्ताह की इन सफलताओं में आपात स्थिति में जीवन बचाने से लेकर संगठित अपराध, आर्थिक धोखाधड़ी और अवैध विस्फोटक सामग्री के खिलाफ कार्रवाई तक पुलिस की विभिन्न भूमिकाएं सामने आईं।