राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने 501 कुण्डीय महायज्ञ में दिया नशामुक्त भारत का संदेश, युवाओं को चेताया
राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने 501 कुण्डीय संस्कार महायज्ञ में नशामुक्त भारत का संकल्प दोहराया। युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए उन्होंने पड़ोसी देशों के षड्यंत्र, स्वदेशी उत्पादों और नई शिक्षा नीति पर भी विचार रखे।
राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए नशामुक्त भारत के संकल्प को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यज्ञ केवल अग्नि में घी और मंत्रों की आहुति देने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज का कल्याण, परोपकार, सत्य और श्रेष्ठ कर्म भी यज्ञ कहलाते हैं। उन्होंने सभी से नए भारत के निर्माण में नशामुक्त भारत संकल्प यज्ञ में भागीदारी निभाने का आग्रह किया।
राज्यपाल शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को भारत विकास परिषद एवं आर्य युवा समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 501 कुण्डीय संस्कार महायज्ञ नशामुक्त भारत संकल्प कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 501 कुण्डीय महायज्ञ में आहुति भी दी।
महर्षि अरविंद की पुस्तक ‘वेद रहस्य’ का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यज्ञ सत्य, प्रकाश और अमरत्व की खोज है। यह महायज्ञ भी जीवन को सकारात्मकता की ओर ले जाने वाला है। उन्होंने कहा कि यज्ञ त्याग, समर्पण और अर्पण से जुड़ा होता है।
राज्यपाल बागडे ने देश के स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले युवाओं के बीच नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश नहीं चाहते कि भारत तेजी से विकास की ओर आगे बढ़े। भारत देश के युवाओं और यहां के लोगों के भरोसे से ही आगे बढ़ रहा है। इसीलिए पड़ोसी देश मादक पदार्थों को पैसे कमाने के लिए नहीं, बल्कि देश को कमजोर करने के उद्देश्य से बाहर से भेजते हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने ‘नशामुक्त भारत’ कार्यक्रम इसलिए चलाया है, ताकि देश पड़ोसी देशों के षड्यंत्र का शिकार न हो। नया भारत राष्ट्र को कमजोर करने वाले कारणों के खिलाफ कार्य करने वाला है। उन्होंने कहा कि नया भारत आत्मनिर्भरता के लिए स्वदेशी उत्पादों का निर्माण करने वाला है और अर्थव्यवस्था में विश्वभर में तेजी से आगे बढ़ने वाला है।
राज्यपाल ने युवाओं को भारत के प्राचीन और गौरवमय इतिहास एवं संस्कृति से जोड़ने के लिए नई शिक्षा नीति के आलोक में कार्य करने का भी आह्वान किया। उन्होंने भारत विकास परिषद से समाज को नशामुक्त करने के लिए निरंतर जागरूकता अभियान चलाने का आग्रह किया। साथ ही, नशामुक्त भारत के लिए भारत विकास परिषद द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम से पहले राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने नशामुक्त भारत के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं और विशिष्टजनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।