राजस्थान के सिरोही जिले में सूखे से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने खरीफ फसल संवत् 2083 (वर्ष 2026) में सूखे की स्थिति को देखते हुए जिले की पांच तहसीलों को गंभीर सूखाग्रस्त घोषित करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद इन क्षेत्रों में किसानों को कृषि आदान-अनुदान वितरण के साथ अन्य राहत गतिविधियों का लाभ मिल सकेगा।

राजस्व विभाग की ओर से कराई गई ग्राउंड ट्रूथिंग में सिरोही जिले की आबूरोड, देलदर, पिण्डवाड़ा, रेवदर एवं सिरोही तहसीलों में सूखे की स्थिति गंभीर श्रेणी की पाई गई। इसके आधार पर इन पांचों तहसीलों को गंभीर सूखाग्रस्त घोषित करने का निर्णय लिया गया है।

अधिसूचना जारी होने के बाद इन अभावग्रस्त तहसीलों में राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के निर्धारित मानदंडों के अनुसार किसानों को कृषि आदान-अनुदान वितरित किया जा सकेगा। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में अन्य राहत गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनके कल्याण और आर्थिक संबल के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में सूखे से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह निर्देश जारी किए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान में मानसून सत्र के दौरान औसत वार्षिक वर्षा से लगभग 20 प्रतिशत कम बारिश हुई थी। इसके चलते इससे पहले राज्य के कुल 15 जिलों की 87 तहसीलों को भी सूखाग्रस्त घोषित किया जा चुका है। इनमें 73 तहसीलें गंभीर सूखाग्रस्त और 14 तहसीलें मध्यम सूखाग्रस्त श्रेणी में शामिल हैं। सिरोही की पांच तहसीलों को गंभीर सूखाग्रस्त घोषित किए जाने के बाद यहां भी एसडीआरएफ के मानदंडों के तहत कृषि अनुदान और राहत गतिविधियां संचालित की जा सकेंगी।

Tags: