पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष, राजस्थान में भाजपा करेगी 1200 नुक्कड़ नाटक
सेवा संकल्प अभियान के तहत 50 टीमें 10 से 13 अक्टूबर के बीच शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं और नमो अनकही कहानियों को आमजन तक पहुंचाएंगी।
जयपुर, 8 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा राजस्थान में 10 से 13 अक्टूबर तक 1200 नुक्कड़ नाटकों का मंचन करेगी। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा यात्रा, सार्वजनिक जीवन से जुड़े कार्यों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रदेश के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए प्रदेशभर में 50 टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यक्रम संयोजक एवं कानून मंत्री जोगाराम पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत 600 शहरी और 600 ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 1200 नुक्कड़ नाटकों का मंचन होगा।
कार्यक्रम के सह-संयोजक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने बताया कि प्रदेशभर में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करने के लिए 50 टीमों को जिम्मेदारी दी गई है। प्रत्येक टीम में छह अभिनेता होंगे और प्रतिदिन छह मंचन किए जाएंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों से जुड़ी कहानियों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान के सह-संयोजक एवं एससी वित्त बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक ने बताया कि प्रदेश में ‘माटी रो सरदार—सेवा से संकल्प तक’ विषय पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जाएगा। नाटकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विभिन्न कार्यक्रमों और उनके सेवा संकल्प से जुड़े कार्यों को प्रभावी एवं रोचक तरीके से आमजन के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के सभी नगर निगमों के सभागारों में भी नाट्य मंचन आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सेवा संकल्प एवं सेवा ज्योति कार्यक्रमों के उपरांत अब 10 अक्टूबर से ‘सेवा स्मरण—नमो अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत राज्यभर में नुक्कड़ नाटक और नाट्य मंचन किए जाएंगे। भाजपा सांस्कृतिक एवं पर्यटन प्रकोष्ठ के सह-संयोजक डॉ. चन्द्रदीप हाड़ा के मार्गदर्शन में इस अभियान को प्रदेशभर में संचालित किया जाएगा।
इन प्रस्तुतियों के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, सेवा कार्यों और विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। भाजपा का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा यात्रा से जुड़ी उपलब्धियों एवं अनकही कहानियों को प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना है। 10 से 13 अक्टूबर तक चलने वाला यह आयोजन प्रदेशभर में 1200 नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से अभियान के संदेश को आमजन तक ले जाएगा।