मन की बात के 136वें संस्करण पर मदन राठौड़ बोले, जन-आंदोलन बन चुका है कार्यक्रम, राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' के 136वें संस्करण पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने राष्ट्रभक्ति, आत्मनिर्भर भारत और जनभागीदारी को लेकर बड़ा संदेश दिया।
तस्वीर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ पाली भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम सुनते नजर आ रहे हैं।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें संस्करण को रविवार को प्रदेशभर में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आमजन ने सामूहिक रूप से सुना। स्वयं मदन राठौड़ ने पाली भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम का श्रवण किया। उन्होंने कहा कि 'मन की बात' अब देश को प्रेरित करने वाला एक जन-आंदोलन बन चुका है।
राठौड़ ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रभक्ति, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, विज्ञान, खेल, महिला सशक्तिकरण, हस्तशिल्प, खादी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों और सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देशवासियों में राष्ट्रभक्ति और सैन्य सम्मान की भावना को और सुदृढ़ किया। साथ ही उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के अनुरूप रक्षा क्षेत्र में भारत लगातार नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा 'कैच द रेन', 'एक पेड़ मां के नाम', जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए आह्वान को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इन अभियानों को जनभागीदारी के माध्यम से और अधिक प्रभावी बनाएंगे। राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री ने युवाओं की वैज्ञानिक उपलब्धियों, अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की प्रगति, खिलाड़ियों की सफलताओं तथा महिलाओं के आत्मनिर्भरता के प्रयासों का उल्लेख कर देश की नई पीढ़ी को प्रेरित किया है। इसके साथ ही उन्होंने वोकल फॉर लोकल, खादी, हथकरघा और स्थानीय उत्पादों को अपनाने का संदेश देकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया।
मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा प्रदेश संगठन प्रधानमंत्री के प्रत्येक जनहितकारी संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से जल संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने जयपुर में सांगानेर विधानसभा के मानसरोवर मंडल के बूथ संख्या 125 पर स्थानीय आमजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम 'मन की बात' का श्रवण किया। कार्यक्रम के पश्चात उन्होंने बूथ कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। वहीं भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश मंत्री डॉ. अपूर्वा सिंह, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, प्रदेश सह-कार्यालय प्रभारी भवानी शंकर शर्मा, आईटी प्रभारी अविनाश जोशी सहित अन्य पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के जनहितकारी संदेशों को व्यापक स्तर पर समाज तक पहुंचाने और जनभागीदारी को सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।