जयपुर में 'ऑक्टेव-2026' का आगाज़, दिखेगी पूर्वोत्तर की सांस्कृतिक झलक
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे करेंगे उद्घाटन, आठ राज्यों के पारंपरिक परिधानों का फैब शो और 15 नृत्य शैलियों की संयुक्त प्रस्तुतियां होंगी आकर्षण का केंद्र।
तस्वीर में जयपुर स्थित खुला मंच और ऑक्टेव-2026 का सांस्कृतिक सेटअप दिखाई दे रहा है।
जयपुर में पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की रंगीन झलक गुरुवार शाम से देखने को मिलेगी। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर की ओर से राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) के सहयोग से आयोजित ऑक्टेव-2026 का शुभारंभ 1 अक्टूबर को शाम 7 बजे होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागडे होंगे, जबकि केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
समारोह में पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक डॉ अश्विन महेश दलवी और आरआईसी के निदेशक निहाल चंद गोयल भी मौजूद रहेंगे। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक डॉ दलवी ने बताया कि पूर्वी भारत की संस्कृति को राजस्थान, खासकर जयपुर में साकार करने वाले ‘ऑक्टेव-2026’ के पहले दिन विधिवत शुभारंभ के बाद दो विशेष प्रस्तुतियां होंगी।
पहली प्रस्तुति नॉर्थ ईस्ट के पारंपरिक परिधानों पर आधारित ‘एथनिक कॉस्ट्यूम शो’ होगी, जिसका निर्देशन भानुश्री दास करेंगी। डॉ दलवी के अनुसार किसी भी देश-प्रदेश की संस्कृति के महत्वपूर्ण अंगों में परिधान शामिल होते हैं। शो में युवतियां खूबसूरत एथनिक कॉस्ट्यूम पहनकर मंच पर आएंगी, जिसमें नॉर्थ ईस्ट के आठों प्रदेशों की स्पष्ट झलक देखने को मिलेगी।
इन पारंपरिक परिधानों की खासियत यह है कि ये हैंडमेड हैं और किसी फैक्ट्री या मशीन से बनवाए हुए नहीं हैं। इनके माध्यम से दर्शकों को नई अनुभूति के साथ नॉर्थ ईस्ट की संस्कृति को लाइव समझने का अवसर मिलेगा।
समारोह की दूसरी प्रस्तुति में पूर्वोत्तर भारत के आठ राज्यों के 15 डांस फॉर्म की अलग-अलग और संयुक्त प्रस्तुतियां होंगी। इस क्रम में अध्यात्म, रोमांच, रास और परंपरा की झलक देखने को मिलेगी। प्रस्तुति की खासियत यह होगी कि इसके दौरान दर्शकों के चेहरे पर कभी मुस्कुराहट, कभी भक्ति का भाव और कभी रोमांच व जोश दिखाई देगा।
कार्यक्रम के अंत में ग्रैंड फिनाले में सभी ग्रुप संयुक्त रूप से डांस प्रस्तुत करेंगे। आठ राज्यों के 15 डांस फॉर्म की यह संयुक्त कोरियोग्राफिक प्रस्तुति संगीत और नृत्य को एक साथ मंच पर पेश करेगी। ऑक्टेव-2026 के उद्घाटन दिवस की ये प्रस्तुतियां पूर्वोत्तर भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं और कलात्मक विरासत को जयपुर के मंच पर सामने लाएंगी।