जयपुर में निकाय चुनाव को लेकर बड़ा आदेश, 9 और 11 सितंबर को मतदान क्षेत्रों में रहेगा सार्वजनिक अवकाश
जयपुर नगरीय निकाय चुनाव 2026 के मतदान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। प्रथम चरण में 9 सितंबर और द्वितीय चरण में 11 सितंबर को मतदान क्षेत्रों में अवकाश रहेगा।
जयपुर जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के मतदान दिवस पर मतदाताओं को मतदान के लिए अवकाश का लाभ मिलेगा। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी चुनाव कार्यक्रम के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी (म्युनिसिपल) संदेश नायक ने जयपुर जिले में मतदान दिवस के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण में 9 सितम्बर 2026, बुधवार को नगर परिषद शाहपुरा एवं चौमूं तथा नगरपालिकाओं बगरू, चाकसू, जोबनेर, किशनगढ़-रेनवाल, फुलेरा, सांभर, बस्सी, दूदू, जमवारामगढ़, कालाडेरा, कानोता, खेजरोली, मनोहरपुर, नारायणा, फागी एवं वाटिका में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
वहीं, द्वितीय चरण में 11 सितम्बर 2026, शुक्रवार को नगर निगम जयपुर के क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। मतदान दिवस के साथ ही जहां पुनर्मतदान होगा, वहां पुनर्मतदान की तिथि को भी संबंधित मतदान क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि जयपुर जिले के नगरीय निकायों के निर्वाचन क्षेत्रों में निवास करने वाले मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें और निर्धारित प्रावधानों के अनुसार अवकाश का लाभ ले सकें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी बताया कि जयपुर जिले के नगरीय निकायों के निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित औद्योगिक एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में नियोजित कर्मचारियों को मतदान दिवस के दिन सवैतनिक अवकाश प्रदान किया जाना सुनिश्चित किया गया है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को अपने मताधिकार का स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से प्रयोग करने का अवसर उपलब्ध कराना है।
आदेश की पालना नहीं करने पर संबंधित नियोजकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकेगी। इस आदेश के तहत मतदान दिवस पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में अवकाश और कर्मचारियों को सवैतनिक अवकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।