जयपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 21 हजार रुपये कैरिंग चार्ज वसूला, 8 केन्टर सामान जब्त

जयपुर नगर निगम की सतर्कता शाखा ने एसजीडी स्कूल सीतापुरा समेत कई क्षेत्रों में कार्रवाई कर 21 हजार रुपये कैरिंग चार्ज वसूला और 8 केन्टर सामान जब्त किया।

Update: 2026-07-30 13:44 GMT

जयपुर नगर निगम की सतर्कता शाखा ने गुरुवार को नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार और पूर्व से प्राप्त शिकायतों के आधार पर नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में अस्थाई अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 21 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया तथा 8 केन्टर सामान जब्त कर लिया। कार्रवाई उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में की गई।

सतर्कता शाखा की टीम ने एसजीडी स्कूल सीतापुरा, अनुपम अपार्टमेन्ट प्रताप नगर, त्रिवेणी नगर चौराहे के पास, शिप्रापथ वीटी रोड मध्यम मार्ग, अरावली मार्ग और थड़ी मार्केट मानसरोवर क्षेत्र में अस्थाई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान अतिक्रमणकर्ताओं का सामान हटाकर 8 केन्टर सामान जब्त किया गया।

उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए सभी 8 केन्टर सामान को निगम के गोदाम में भिजवाया गया। साथ ही अस्थाई अतिक्रमण करने वालों से मौके पर ही 21 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया।

उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान सतर्कता टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश देते हुए मौखिक रूप से पाबंद भी किया कि भविष्य में अस्थाई अतिक्रमण समय पर स्वयं हटा लें। अन्यथा नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान या प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर सार्वजनिक स्थानों से अस्थाई अतिक्रमण हटाना और भविष्य में ऐसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना है।

Tags:    

Similar News