तस्वीर में जयपुर में एक इमारत की दीवार पर लगा बड़ा विज्ञापन बैनर दिख रहा है।

नगर निगम जयपुर ने अवैध विज्ञापनों के खिलाफ विशेष अभियान के दूसरे दिन भी कार्रवाई तेज रखते हुए निगम क्षेत्र में लगे अवैध होर्डिंग और बैनरों को हटाने के साथ जब्ती की कार्रवाई की। 17 सितम्बर 2026 से शुरू हुए इस अभियान के दौरान विभिन्न जोनों की टीमों ने अब तक कुल 185 कॉमर्शियल बैनर और 280 अवैध होर्डिंग के खिलाफ कार्रवाई की है। साथ ही 15 फर्मों एवं संस्थाओं को 14 लाख 29 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति के नोटिस जारी किए गए हैं।

नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार उपायुक्त (राजस्व) प्रथम के नेतृत्व में नगर निगम जयपुर के समस्त जोन कार्यालयों द्वारा 17 सितम्बर 2026 से अवैध विज्ञापनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दूसरे दिन निगम टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से लगाए गए विज्ञापनों को हटाया और उन्हें जब्त किया।

उपायुक्त (राजस्व) प्रथम श्री नवीन भारद्वाज ने बताया कि नगर निगम टीमों द्वारा अवैध बैनर और होर्डिंग के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। जे.के.जे ज्वैलर्स, वैशाली नगर में फर्म द्वारा अवैध होर्डिंग और बैनर लगाए जाने पर 6 लाख 89 हजार रुपये का नोटिस जारी किया गया। वहीं, जगतपुरा में अवैध विज्ञापन लगाने पर 1 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति राशि अधिरोपित कर नोटिस दिया गया है। नोटिस में 3 दिवस में क्षतिपूर्ति राशि निगम कोष में जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। राशि जमा नहीं करवाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आयुक्त ने बताया कि जिन भवनों अथवा दीवारों पर अवैध रूप से विज्ञापन लगाए गए हैं, उनके भवन मालिकों से नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि वसूल की जाएगी। इसके साथ ही गैन्ट्री, यूनिपोल अथवा पोल क्रियोस्क पर जिन उत्पादों के अवैध विज्ञापन पाए जाएंगे, उनके उत्पाद निर्माताओं को भी नोटिस जारी किए जाएंगे।

अवैध विज्ञापनों के कारण नगर निगम के राजस्व को होने वाले नुकसान की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

आयुक्त ने सभी फर्मों एवं संस्थाओं से अपील की है कि वे अपने विज्ञापन नगर निगम जयपुर से अधिकृत वेंडरों के माध्यम से ही प्रदर्शित करवाएं। अनाधिकृत व्यक्तियों अथवा संस्थाओं के माध्यम से विज्ञापन करवाए जाने पर नियमानुसार सीजर एवं अन्य कार्रवाई की जा सकती है। नगर निगम जयपुर द्वारा अवैध विज्ञापनों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Tags: