जयपुर में 'हैल्दी हार्ट साइक्लोथन', DGP राजीव कुमार शर्मा ने दिए फिटनेस टिप्स
विश्व हृदय दिवस पर आयोजित 12 किलोमीटर साइक्लिंग यात्रा के जरिए राजस्थान पुलिस ने स्वस्थ जीवनशैली, योग और नियमित व्यायाम का संदेश दिया।
जयपुर में आयोजित 'हैल्दी हार्ट साइक्लोथन' में साइकिल चालकों के समूह के साथ उपस्थित राजस्थान पुलिस अधिकारी।
विश्व हृदय दिवस के अवसर पर जयपुर में आयोजित ‘हैल्दी हार्ट साइक्लोथन’ में DGP श्री राजीव कुमार शर्मा ने 12 किलोमीटर की निरंतर साइक्लिंग कर फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों, जवानों, युवाओं और शहरवासियों के साथ साइकिलिंग में भाग लिया।
DGP श्री शर्मा ने कहा, “स्वस्थ और मजबूत हृदय आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हमारी सबसे बड़ी पूंजी है।” उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से चुस्त-दुरुस्त रहना आवश्यक है, ताकि वे पूरी तत्परता एवं दक्षता से आमजन की सेवा कर सकें।
विश्व हृदय दिवस पर आयोजित इस ‘हैल्दी हार्ट साइक्लोथन’ में ADG वीके सिंह भी शामिल हुए। कार्यक्रम के माध्यम से राजस्थान पुलिस ने फिटनेस को लेकर संदेश दिया—“हृदय स्वस्थ रखें, फिट रहें, सक्रिय रहें और सुरक्षित रहें।”
DGP श्री राजीव कुमार शर्मा ने आमजन से अपनी दिनचर्या में खेल, साइक्लिंग और योग जैसी गतिविधियों को शामिल करने का आह्वान किया। 12 किलोमीटर की साइक्लिंग के माध्यम से उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली और फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।