जयपुर में नहाय-खाय के साथ डाला छठ महापर्व शुरू, आज खरना का व्रत रखेंगे श्रद्धालु
बिहार समाज संगठन के तत्वावधान में श्रद्धालु खरना के बाद निर्जला व्रत रखेंगे। गलता जी तीर्थ सहित शहर के विभिन्न घाटों पर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया जाएगा।
जयपुर के एक स्थानीय बाजार में छठ पूजा के लिए फल और कंदमूल खरीदती हुई एक महिला दिख रही है।
जयपुर। भगवान सूर्यदेव की आराधना और लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व डाला छठ जयपुर में नहाय-खाय की परंपरा के साथ शुरू हो गया है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से शुरू हुए इस महापर्व को बिहार समाज संगठन के तत्वावधान में धूमधाम से मनाया जाएगा। शनिवार को श्रद्धालु खरना का व्रत रखेंगे। इसके साथ ही छठ व्रतियों का निर्जला उपवास शुरू होगा।
बिहार समाज संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुरेश पंडित ने बताया कि डाला छठ के पहले दिन व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने सुबह स्नान के बाद कच्चे चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी का सेवन किया। इस भोजन में सेंधा नमक का प्रयोग किया गया। वहीं, खरना के दिन श्रद्धालु निर्जला उपवास रखेंगे। शाम को घरों में भगवान सूर्यदेव को गुड़ की खीर का भोग लगाने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करेंगे।
खरना के प्रसाद की विशेष मान्यता है। इसके लिए खीर को केले के पत्ते पर निकालकर मौसमी फल और तुलसी आदि के साथ भगवान सूर्यदेव को घी का दीपक जलाकर भोग लगाया जाएगा। इस अवसर पर जिन परिवारों के यहां छठ पर्व नहीं मनाया जाता, उन्हें भी निमंत्रण देकर प्रसाद खिलाने की परंपरा है। खरना का प्रसाद मांगकर भी ग्रहण किया जाता है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं का निर्जला और निराहार उपवास शुरू हो जाएगा, जिसका समापन 16 नवंबर को भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य देने के साथ होगा।
संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री चंदन कुमार मंडल ने बताया कि 15 और 16 नवंबर को गलता जी तीर्थ पर डाला छठ महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस बार आमेर मावटा, एनबीसी के पीछे दुर्गा विस्तार कॉलोनी, रॉयल सिटी माचवा विश्वकर्मा सहित 51 स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन होगा।
15 नवंबर को गलता जी तीर्थ पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। वहीं, 16 नवंबर को पवित्र गलता जी तीर्थ पर उगते हुए सूर्यदेव को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। इस अवसर पर स्वच्छ भारत, स्वास्थ्य भारत के संदेश के तहत गलता तीर्थ में फूलों की वर्षा की जाएगी। इस तरह जयपुर में विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले छठ पूजा कार्यक्रमों के साथ सूर्य उपासना का यह महापर्व संपन्न होगा।