जयपुर में स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 9 अगस्त से जिलेभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 का शुभारंभ किया जाएगा। अभियान के पहले दिन ग्राम एवं वार्ड स्तर पर जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन होगा। इस दौरान तिरंगा रैलियां निकाली जाएंगी और आमजन को राष्ट्रध्वज के सम्मान तथा राष्ट्रभक्ति के प्रति जागरूक किया जाएगा।

जिला कलक्टर संदेश नायक ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के सम्मान से जोड़ना तथा देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।

उन्होंने बताया कि 9 अगस्त को अभियान के तहत ग्राम एवं वार्ड स्तर पर तिरंगा अभियान के प्रति जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर तिरंगा रैली निकाली जाएगी, अभियान की शपथ दिलाई जाएगी तथा सार्वजनिक स्थलों पर भजन एवं देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अभियान के प्रथम दिवस आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता के साथ अभियान को सफल बनाने पर जोर दिया। साथ ही जिलेवासियों से अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

Tags: