जयपुर के आमेर किले में आयोजित हैरिटेज डोर सीजन 3 में मॉडल्स ने पारंपरिक परिधान प्रस्तुत किए।

जयपुर के ऐतिहासिक आमेर किले के शाही आंगन में राजस्थानी संस्कृति, पारंपरिक शिल्पकला और समकालीन फैशन का अनूठा संगम देखने को मिला। राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और शाही परंपराओं को आधुनिक फैशन के माध्यम से प्रस्तुत करने के लिए अरबेनिया ज्वैल्स प्रेजेंट्स ‘हैरिटेज डोर–सीजन 3’ का आयोजन किया गया। शाही स्थापत्य और ऐतिहासिक परिवेश के बीच आयोजित इस फैशन शो में 150 से अधिक मेल-फीमेल मॉडल्स ने छह सीक्वेंस में कैटवॉक कर पारंपरिक परिधानों, हस्तशिल्प और रॉयल टाइम ज्वैलरी डिजाइंस की झलक पेश की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी रहीं।

हैरिटेज डोर की आयोजक शिवाली गुप्ता, सोनाली खंडेलवाल और प्रिया दीवान ने बताया कि शो डायरेक्टर अभिमन्यु सिंह तोमर के निर्देशन में आयोजित फैशन शो में राजस्थान की गौरवशाली विरासत को परिधानों और आभूषणों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। राजस्थान सरकार के पर्यटन और पुरातत्त्व विभाग के सहयोग से हुए इस आयोजन में भारतीय परंपराओं की खूबसूरती को आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत किया गया। आमेर महल के गणेश पोल, सूरजपोल, चांदपोल, केसर क्यारी, शीशमहल, जनाना महल, सुख निवास और चार बाग के नाम पर परिधानों तथा ज्वैलरी के सीक्वेंस रखे गए। आयोजन में पूर्व विधायक मोहनलाल गुप्ता सहित फैशन, कला और संस्कृति से जुड़े लोगों ने भाग लिया।

अरबेनिया ज्वैल्स प्रेजेंट्स हैरिटेज डोर सीजन 3 की आयोजक सोनाली खंडेलवाल, शिवाली गुप्ता और प्रिया दीवान के अनुसार, फैशन शो के ‘गणेश पोल’ सीक्वेंस में प्रताप संस के डिजाइनर कुल प्रकाश तनेजा और प्रेमप्रकाश तनेजा के ट्रेडिशनल साड़ी, इंडो-वेस्टर्न लहंगा और स्मार्ट कैजुअल वियर कलेक्शन प्रस्तुत किए गए। इनके साथ माधुरी धूत की ब्राइडल ज्वैलरी का संयोजन देखने को मिला। ‘सूरजपोल’ और ‘चांदपोल’ सीक्वेंस में अरबेनिया ज्वैल्स के गौरव जौहरी की डिजाइन की गई कुंदन, मीनाकारी और टेम्पल ज्वैलरी प्रदर्शित की गई। इन आभूषणों के साथ जोधपुर की दस्तकारी और प्रताप संस की कांजीवरम साड़ियों का संयोजन खास रहा।

यूके हॉस्पिटेलिटी और मंगलम बिल्डर्स के सहयोग से आयोजित हैरिटेज डोर सीजन 3 के ‘शीशमहल’ सीक्वेंस में फैशन डिजाइनर दिग्विजय सिंह राठौड़ का मेंसवियर कलेक्शन प्रदर्शित किया गया। इस कलेक्शन के साथ रायु बाय टाटीवालाज गहना की डिजाइनर श्वेता और सपना टाटीवाला की जेमस्टोन ज्वैलरी का संयोजन रहा।

‘जनाना महल’ सीक्वेंस में इंटरनेशनल फैशन डिजाइनर गजल मिश्रा का पहरन कलेक्शन प्रस्तुत किया गया। इसमें गोल्ड, सिल्वर और ब्रास के धागों से तैयार परिधान प्रदर्शित किए गए। डिजाइनर की ड्रेसेज पर जरदोजी, आरी-तारी और पारंपरिक एंब्रॉयडरी की कारीगरी ने फैशनप्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया। इसी सीक्वेंस में के.के. ज्वैल्स के डिजाइनर मनीष और संदीप खूंटेटा की डायमंड, गोल्ड एवं पोलकी ज्वैलरी प्रदर्शित की गई, जिसने आमेर किले के जनाना महल की भव्यता को आभूषणों के जरिए प्रस्तुत किया।

‘केसर क्यारी’ सीक्वेंस में फैशन लेबल अनायसा की डिजाइनर आतिशा कपूर और दामिनी गुप्ता ने मॉडर्न विमन की नेचुरिटी और रॉयल ट्रेडिशंस की झलक पेश की। इस कलेक्शन के साथ गौरी ज्वैल्स की गौरी माहेश्वरी के तैयार किए गए कंटेम्पररी डिजाइन प्रदर्शित किए गए। जयपुर परफ्यूम्स की डायरेक्टर मुस्कान वाधवानी ने इस सीक्वेंस के दौरान केसर और अन्य फूलों से बने इत्र की खुशबू से माहौल को सराबोर किया।

‘सुख निवास’ सीक्वेंस में मॉडल्स ने कैटवॉक कर कोजागिरी बाय धागा की फैशन डिजाइनर वैशाली गुप्ता और अर्चना डंगायच के परिधानों को प्रदर्शित किया। इन परिधानों पर विरासतकालीन फ्लप्पा और गोटा-पत्ती कारीगरी की झलक देखने को मिली। इस कलेक्शन के साथ मान्यश्री ज्वैल्स के श्याम शत्रुघ्न सिन्हा के ब्राइडल क्रिएशंस का संयोजन खास रहा।

फैशन शो की ग्रैंड फिनाले सीक्वेंस ‘चार बाग’ में मुगल और राजपूती स्थापत्य कला से प्रेरित शाही परिवेश प्रस्तुत किया गया। इस सीक्वेंस में फैशन डिजाइनर ऋषि और विभूति ने गारमेंट्स पर क्रिएटिव फ्यूचर डिजाइन प्रदर्शित किए। इनके साथ कॉन्शियस कैरेट के डिजाइनर विपुल अग्रवाल और अग्रवाल एंड कंपनी बाय नारायण ज्वेलर्स के पोलकी, लैब-ग्रोन डायमंड्स और कंटेम्पररी ज्वैलरी कलेक्शन ने फिनाले को खास बनाया।

आयोजकों के अनुसार, सभी मॉडल्स का मेकअप और स्टाइलिंग ट्वेन्टी फोर सोसायटी सैलून और यूके इंटरनेशनल की ओर से की गई। छह सीक्वेंस में प्रस्तुत परिधानों, पारंपरिक कारीगरी और आभूषणों के जरिए हैरिटेज डोर सीजन 3 ने आमेर किले की ऐतिहासिक पहचान को राजस्थानी संस्कृति और समकालीन फैशन के साथ एक मंच पर प्रस्तुत किया।

Tags: