तस्वीर में 63वीं अखिल भारतीय रेलवे ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप के दौरान विजेता खिलाड़ी और अधिकारी नजर आ रहे हैं।

उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम स्थित साइकिलिंग वेलोड्रोम में आयोजित 63वीं अखिल भारतीय रेलवे ट्रैक साइकिलिंग चौम्पियनशिप का 24 सितंबर 2026 को समापन हुआ। 22 से 24 सितंबर 2026 तक चली इस प्रतियोगिता में 09 टीमों के लगभग 75 साइक्लिस्टों ने पूरे उत्साह और ताकत के साथ प्रदर्शन किया।

गुरुवार, 24 सितंबर को आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को प्रशस्ति पत्र, पदक एवं नकद पुरस्कार प्रदान किए तथा उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने कहा कि साइक्लिंग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह मानसिक दृढ़ता और साहस का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ियों ने अपने क्षेत्र में अद्वितीय प्रदर्शन किया है। उन्होंने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि खिलाड़ी अपने खेल के माध्यम से न केवल भारतीय रेलवे, बल्कि देश का नाम भी रोशन करेंगे।

चौम्पियनशिप में कुल 8 प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता के अंतिम दिन 24 सितंबर 2026 को 3 रोमांचक इवेंट्स के फाइनल मुकाबले खेले गए। 4 किलोमीटर टीम परश्यूट प्रतिस्पर्धा के कड़े मुकाबले में मध्य रेलवे की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। दक्षिण पश्चिम रेलवे की टीम ने रजत पदक और उत्तर रेलवे की टीम ने कांस्य पदक जीता।

20 किलोमीटर पॉइंट रेस व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा में उत्तर रेलवे के नीरज कुमार ने शानदार रफ्तार के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। नॉर्थ फ्रंटियर रेलवे के एसो ने रजत पदक, जबकि मध्य रेलवे के अथर्व अशोक पाटिल ने कांस्य पदक हासिल किया।

केरीन रेस प्रतिस्पर्धा में दक्षिण पूर्व रेलवे के अमीर रियाज ने स्वर्ण पदक जीता। नॉर्दर्न रेलवे के विश्वजीत सिंह ने रजत पदक और साउथ वेस्टर्न रेलवे के वेंकप्पा केनगलगट्टी ने कांस्य पदक हासिल किया।

प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर उत्तर रेलवे की टीम को ओवरऑल चैंपियन का गौरव प्राप्त हुआ। मध्य रेलवे की टीम द्वितीय स्थान पर रही। वहीं, शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर उत्तर रेलवे के नीरज कुमार को 'बेस्ट राइडर' (Best Rider) के खिताब से नवाजा गया।

63वीं अखिल भारतीय ट्रैक साइकिलिंग चौम्पियनशिप के सफल आयोजन के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक ने उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन को भी नकद पुरस्कार प्रदान किया।

चैंपियनशिप के समापन समारोह में उत्तर पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक श्री अशोक माहेश्वरी, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री शिवेंद्र मोहन, मंडल रेल प्रबंधक जयपुर श्री रवि जैन, अध्यक्ष उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन एवं प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री राजीव सिंह, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन, उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव एवं सचिव महाप्रबंधक श्री अनुज तायल, उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती अमृता शर्मा एवं अन्य पदाधिकारीगण, मान्यता प्राप्त यूनियनों के पदाधिकारीगण, विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण, उत्तर पश्चिम रेलवे ओएसडी स्पोर्ट्स श्री जितेंद्र कुमार सहित प्रतिभागी खिलाड़ी तथा आयोजन समिति के अधिकारी, कर्मचारी एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

इस प्रकार जयपुर में आयोजित तीन दिवसीय 63वीं अखिल भारतीय रेलवे ट्रैक साइकिलिंग चौम्पियनशिप का समापन हुआ, जिसमें उत्तर रेलवे ने ओवरऑल चैंपियन का गौरव हासिल किया और नीरज कुमार को बेस्ट राइडर का खिताब मिला।

Tags: