अकलेरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 52 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
अकलेरा पुलिस ने 260 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। 52 लाख की स्मैक, बुलेट, मोबाइल और नकदी जब्त की गई।
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत झालावाड़ जिले की अकलेरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 260 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और 10,900 रुपये की बिक्री राशि भी जब्त की है। बरामद स्मैक की अनुमानित बाजार कीमत करीब 52 लाख रुपये बताई गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर थानाधिकारी धर्माराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। गुरुवार को विशेष टीम प्रभारी राधेश्याम सुमन, उप निरीक्षक, मय टीम मनोहरथाना रोड स्थित बाईपास पर ब्रिज के आगे सर्विस रोड जोड़ पर बरेड़ी की घाटी की तरफ नाकाबंदी कर रहे थे।
इसी दौरान बुलेट मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। उनकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने उन्हें रोककर नियमानुसार तलाशी ली। पूछताछ और तलाशी की कार्रवाई के दौरान दोनों की पहचान रघुवीर भील पुत्र कालूलाल, उम्र 18 वर्ष, निवासी घाटोली तथा दिलराज मीणा पुत्र मदनलाल, उम्र 23 वर्ष, निवासी अकलेरा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 260 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने स्मैक के साथ तस्करी में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और 10,900 रुपये नकद भी जब्त किए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर स्मैक की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक कहां से खरीदी गई थी, इसकी खपत किन-किन स्थानों पर की जानी थी और मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क में इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।