मुंबई के खार रोड रेलवे स्टेशन पर पश्चिम रेलवे के 76वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी का जायजा लेते महाप्रबंधक रामाश्रय पांडेय और वर्किंग मॉडल देखते रेल उत्साही।   

मुंबई। पश्चिम रेलवे के 76वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुंबई के खार रोड रेलवे स्टेशन के एलिवेटेड डेक पर विशेष प्रदर्शनी आयोजित की गई है। 5 से 7 नवंबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में पश्चिम रेलवे के गौरवशाली इतिहास, ऐतिहासिक उपलब्धियों और तकनीकी विकास के सफर को प्रदर्शित किया जा रहा है। प्रदर्शनी का समय सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक निर्धारित है।

पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पांडेय ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए पैनलों को देखा और वहां मौजूद रेल उत्साहियों से बातचीत की।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पश्चिम रेलवे की स्थापना 5 नवंबर, 1951 को तत्कालीन बीबी एंड सीआई रेलवे का सौराष्ट्र, राजपूताना और जयपुर सहित अन्य राज्य रेलवे के साथ विलय होने के बाद हुई थी। पश्चिम रेलवे का रेल नेटवर्क शुरुआती 29 मील के ट्रैक से बढ़कर अब 4 अलग-अलग राज्यों में फैले 6,000 से अधिक रूट किलोमीटर तक पहुंच चुका है। प्रदर्शनी का उद्देश्य इस समृद्ध विरासत को सामने लाने के साथ यात्रियों को रेलवे के ऐतिहासिक सफर से रूबरू कराना है।

प्रदर्शनी में वर्ष 1864 में उत्राण से ग्रांट रोड रेल लाइन के उद्घाटन से लेकर पश्चिम रेलवे के इतिहास की प्रमुख उपलब्धियों को पैनलों के माध्यम से दर्शाया गया है। इनमें 9 कोच वाली उपनगरीय ट्रेनों की शुरुआत, मुंबई-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, दुनिया की पहली महिला विशेष उपनगरीय ट्रेन, भारत की पहली 15 कोच वाली उपनगरीय ट्रेन और पहली पूर्ण वातानुकूलित उपनगरीय ट्रेन जैसी उपलब्धियां शामिल हैं।

इसके साथ ही पश्चिम रेलवे की हालिया उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है। इनमें वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस और नमो भारत रैपिड रेल की शुरुआत से जुड़ी जानकारियां शामिल हैं।

प्रदर्शनी में भाप इंजन वाले रेल इंजन और लोकल ईएमयू के कार्यशील मॉडल भी रखे गए हैं, जो रेल उत्साहियों के आकर्षण का केंद्र हैं। इसके अलावा, एक विशेष कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) फोटो बूथ की व्यवस्था की गई है। इसमें क्यूआर कोड स्कैन करने के माध्यम से यात्री खुद को पश्चिम रेलवे के पुराने दौर से जुड़ा हुआ देख सकते हैं। वहीं, पश्चिम रेलवे के इतिहास की जानकारी परखने के लिए प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया है।

पश्चिम रेलवे ने अपने 76 वर्षों के गौरवशाली इतिहास और दशकों की उपलब्धियों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत करने के साथ यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई है। आधुनिकीकरण, तकनीकी प्रगति और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर निरंतर ध्यान देते हुए पश्चिम रेलवे भविष्य में अधिक कुशल और यात्री-केंद्रित रेल सेवाओं के विकास की दिशा में कार्यरत है।

Tags: