पश्चिम रेलवे के वटवा लोको शेड में अधिकारियों ने रखरखाव, सुरक्षा और नवाचारों पर समीक्षा बैठक की। 

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के वटवा विद्युत लोको शेड में सभी विद्युत लोको शेडों की कार्यप्रगति, तकनीकी दक्षता और रखरखाव व्यवस्था की समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अहमदाबाद मंडल के वटवा स्थित विद्युत लोको शेड में प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर (PCEE) श्री रजनीश कुमार गोयल के मार्गदर्शन में हुई इस बैठक में पश्चिम रेलवे के विभिन्न विभागों के शाखा अधिकारी और सभी संबंधित विद्युत लोको शेडों के पर्यवेक्षक शामिल हुए। बैठक में वटवा शेड की उपलब्धियों के साथ लोकोमोटिव के रखरखाव, सुरक्षा और परिचालन विश्वसनीयता को बेहतर बनाने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

वटवा विद्युत लोको शेड कार्य प्रदर्शन और आधुनिक रखरखाव व्यवस्थाओं के मामले में लगातार अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। लोकोमोटिव के मेंटेनेंस टर्न अराउंड टाइम (TAT) यानी रखरखाव में लगने वाले समय के मामले में यह भारतीय रेल के 67 विद्युत लोको शेडों में चौथे स्थान पर है। यह उपलब्धि शेड की कार्यक्षमता और रखरखाव संबंधी दक्षता को दर्शाती है।

वटवा शेड की क्षमता में भी उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। लगभग दो वर्ष पहले यहां इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव की होल्डिंग करीब 100 थी, जो अब बढ़कर 200 हो गई है। आने वाले समय में इसे बढ़ाकर 300 लोकोमोटिव तक करने की योजना है। पर्यावरण प्रबंधन के क्षेत्र में भी वटवा विद्युत लोको शेड ने विशेष उपलब्धि हासिल की है। यह पश्चिम रेलवे का पहला शेड है, जिसे प्रतिष्ठित GreenCo Gold Rating प्राप्त हुई है।

बैठक का प्रमुख उद्देश्य पश्चिम रेलवे के विभिन्न विद्युत लोको शेडों के बीच तकनीकी ज्ञान, अनुभव और नवाचारों का आदान-प्रदान करना था, ताकि लोकोमोटिव के रखरखाव, सुरक्षा, कार्यक्षमता और विश्वसनीयता को और सुदृढ़ किया जा सके।

बैठक में सभी लोको शेडों ने अपनी कार्यप्रगति, लोकोमोटिव में हुई विफलताओं (Failures), उनके कारणों और उनसे प्राप्त अनुभवों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। विफलताओं के विश्लेषण के आधार पर सुधारात्मक उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। इसका उद्देश्य एक शेड में सामने आई तकनीकी समस्या और उससे मिली सीख को अन्य शेडों तक पहुंचाना तथा भविष्य में ऐसी विफलताओं की पुनरावृत्ति रोकना रहा।

इसके साथ ही विभिन्न लोको शेडों में किए गए तकनीकी नवाचारों और संशोधनों (Innovations & Modifications) को भी साझा किया गया। इन तकनीकी सुधारों को अन्य शेडों में अपनाने की संभावनाओं पर चर्चा की गई, ताकि रखरखाव की गुणवत्ता, परिचालन सुरक्षा और लोकोमोटिव की समग्र विश्वसनीयता में वृद्धि हो सके।

बैठक के दौरान प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री रजनीश कुमार गोयल ने वटवा विद्युत लोको शेड की व्यवस्थाओं, आतिथ्य सत्कार और आयोजन प्रबंधन की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से शेड में स्वच्छता, सुव्यवस्थित रखरखाव व्यवस्था और स्क्रैप के व्यवस्थित निस्तारण की प्रशंसा की।

वटवा विद्युत लोको शेड की उपलब्धियां वहां के अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का परिणाम हैं। समीक्षा बैठक के माध्यम से पश्चिम रेलवे के विभिन्न लोको शेडों के बीच तकनीकी समन्वय और अनुभव साझा करने की प्रक्रिया को मजबूती मिली। साथ ही, वटवा शेड की कार्य संस्कृति, अनुशासन, पर्यावरण प्रबंधन और संगठनात्मक दक्षता भी सामने आई।

Tags: