प्राग में विश्व रेलवे क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप के दौरान भारतीय रेलवे दल ने कुल 5 पदक जीते थे। 

चेक गणराज्य की राजधानी प्राग में आयोजित 18वीं विश्व रेलवे क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में भारतीय रेलवे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी श्रेष्ठता साबित की है। 13 से 16 नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में भारतीय रेलवे ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया।

मध्य रेलवे की खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक लॅव्हिना लोबो के सक्षम मार्गदर्शन में भारतीय रेलवे की टीम ने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। उनके प्रशिक्षण और मार्गदर्शन में भारतीय खिलाड़ियों ने पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम किया। यह सफलता भारतीय रेलवे के खिलाड़ियों की जिद, दृढ़ संकल्प और खेल कौशल के साथ प्रशिक्षक लॅव्हिना लोबो के महत्वपूर्ण योगदान को भी दर्शाती है।

प्रतियोगिता के महिला वर्ग में उत्तर रेलवे की रेणू सिंह ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि पुरुष वर्ग में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के हरीश ने स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय रेलवे को गौरवान्वित किया। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय रेलवे के कुल पांच खिलाड़ियों ने पदक जीते, जिनमें तीन पुरुष और दो महिला खिलाड़ी शामिल हैं।

प्राग में आयोजित इस 18वीं विश्व रेलवे पुरुष एवं महिला क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में 11 देशों के कुल 89 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। भारतीय रेलवे की ओर से आठ खिलाड़ी प्रतियोगिता में शामिल हुए। इसमें भारत के अलावा फ्रांस, जर्मनी, ग्रेट ब्रिटेन, स्विट्जरलैंड, चेक गणराज्य, पोलैंड, ऑस्ट्रिया, डेनमार्क, स्लोवाकिया और बुल्गारिया के खिलाड़ियों ने भाग लिया।

विश्व रेलवे पुरुष एवं महिला क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप का आयोजन प्रत्येक चार वर्ष में किया जाता है। ऐसे में भारतीय रेलवे के लिए दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप हासिल करना एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय खेल उपलब्धि है।

मध्य रेलवे ने इस शानदार सफलता पर भारतीय रेलवे की पूरी टीम को बधाई दी है और खिलाड़ियों को भविष्य में भी अपनी खेल यात्रा में नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

यह प्रेस विज्ञप्ति 19 नवंबर 2026 को मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई से जारी की गई। इसका प्रेस विज्ञप्ति क्रमांक 2026/11/31 है।

Tags: