पटरियों पर चलती एक ट्रेन और भारतीय रेलवे का आधिकारिक गोल लोगो दिखाई दे रहा है।

भारतीय रेलवे ने अक्टूबर 2026 में माल ढुलाई के क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड कायम किया है। इस महीने रेलवे ने 145.07 मिलियन टन माल का परिवहन किया, जो अक्टूबर 2025 में दर्ज 133.93 मिलियन टन की तुलना में 8.32 प्रतिशत अधिक है। माल ढुलाई के साथ इससे होने वाली कमाई में वृद्धि भी देश की आर्थिक गतिविधियों और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को मजबूती देने के रेलवे के प्रयासों को दर्शाती है।

अक्टूबर 2026 के दौरान कई प्रमुख वस्तुओं की ढुलाई में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। खाद्यान्न की ढुलाई में सर्वाधिक 26.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसके अलावा घरेलू कोयले की ढुलाई 16 प्रतिशत, अन्य वस्तुओं की 11 प्रतिशत, क्लिंकर की 10.4 प्रतिशत, घरेलू कंटेनरों की 6.3 प्रतिशत, लौह अयस्क की 5 प्रतिशत, मिनरल ऑयल की 1.9 प्रतिशत और तैयार स्टील की ढुलाई में 0.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

बिजली घरों की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए रेलवे ने घरेलू कोयले की आपूर्ति भी बढ़ाई। अक्टूबर 2026 में प्रतिदिन औसतन 469.8 रेक कोयले की आपूर्ति की गई, जबकि अक्टूबर 2025 में यह आंकड़ा 393.2 रेक प्रतिदिन था। इस तरह कोयले की दैनिक आपूर्ति में 19.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

वित्त वर्ष 2026-27 के पहले सात महीनों यानी अप्रैल से अक्टूबर के दौरान भारतीय रेलवे ने कुल 978.78 मिलियन टन माल की ढुलाई की। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 935.10 मिलियन टन माल का परिवहन किया गया था। इस आधार पर रेलवे की माल ढुलाई में सालाना 4.67 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।

माल परिवहन के साथ यात्री यातायात में भी वृद्धि दर्ज की गई। अक्टूबर 2026 में भारतीय रेलवे ने 64.72 करोड़ यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया, जबकि अक्टूबर 2025 में यह संख्या 63.52 करोड़ थी।

अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच रेलवे से कुल 443.8 करोड़ यात्रियों ने सफर किया। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 431.4 करोड़ था। इस दौरान गैर-उपनगरीय यात्री खंड में 4.2 प्रतिशत और उपनगरीय यात्री खंड में 1.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

रेलवे के अनुसार, माल ढुलाई में लगातार बढ़ोतरी लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को मजबूत करने और देश की आर्थिक वृद्धि को समर्थन देने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। क्षमता विस्तार और परिचालन दक्षता में सुधार के माध्यम से रेलवे अपने परिवहन नेटवर्क को लगातार बेहतर बना रहा है। अक्टूबर 2026 के आंकड़े माल परिवहन के साथ यात्री सेवाओं में भी रेलवे की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करते हैं।

(इनपुट-PIB)

Tags: